पलामू: रविवार को आयोजित नीट परीक्षा के दौरान देर शाम तक हंगामा करने वाले तीन लोगों को पुलिस ने पीआर बांड पर छोड़ दिया है. इससे पहले पुलिस ने एग्जाम खत्म होने के बाद सभी छात्रों को कड़ी सुरक्षा के बीच वापस घर भेज दिया था.
एग्जाम सेंटर पर कर रहे थे हंगामा
दरअसल, परीक्षा खत्म होने के बाद परिजन और कुछ स्थानीय लोग, केंद्र के बाहर हंगामा कर रहे थे. हंगामे के बाद पुलिस ने पूरे मामले में कार्रवाई करते हुए हल्का बल का प्रयोग किया और मौके से तीन लोगों को निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने के आरोप में हिरासत में लिया था. जिन्हें सोमवार दोपहर बाद बांड पर छोड़ा गया है. हिरासत में लिए गए शख्स हुसैनाबाद, पांडू के इलाके के रहने वाले हैं.
हिंदी की जगह मिला था अंग्रेजी में प्रश्न पत्र
दरअसल, पलामू के योध सिंह नामधारी महिला कॉलेज में 48 छात्रों को हिंदी की जगह अंग्रेजी में प्रश्न पत्र दिया गया था. जिसके बाद छात्र और परिजनों ने कुछ देर के लिए हंगामा किया. परीक्षा का समय 2:00 बजे से शाम के 5:00 तक निर्धारित था. हिंदी की जगह अंग्रेजी में प्रश्न पत्र मिलने के मामले में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की गाइडलाइन के बाद शाम 6.55 से लेकर 9.55 तक छात्रों की परीक्षा ली गई थी साथ ही जिला प्रशासन की तरफ से छात्रों को भोजन एवं पानी की व्यवस्था की गई थी.
हंगामा करने वाले और निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने के आरोप में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया था. सभी को पीआर बांड पर छोड़ा गया है. नामधारी महिला कॉलेज में परीक्षा को लेकर हुए विवाद के बीच डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, एसपी कपिल चौधरी, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, सदर एसडीएम सुलोचना मीणा समेत कई शीर्ष अधिकारी देर रात तक कैंप कर रहे थे: ज्योतिलाल रजवार, थाना प्रभारी, टाउन
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
