रायपुर: खरोरा थाना क्षेत्र के तिल्दाडीह मोड़ के पास सराफाकर्मी से लगभग 1 करोड़ रुपए के सोने चांदी के गहनों की लूट हुई है. बाइक सवार बदमाशों ने पहले सराफाकर्मी पर तलवार से हमला किया फिर एक करोड़ रुपए के सोने चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए हैं.
आंधी तूफान के बीच 1 करोड़ की लूट
खरोरा थाना अंतर्गत महावीर ज्वेलर्स के नाम से सराफा दुकान है. इसका संचालन जैन परिवार करता है. महावीर ज्वेलर्स में टीकाराम शर्मा मैनेजर का काम करता है. मंगलवार शाम को मैनेजर टीकाराम शर्मा ब्रांच से जेवर लेकर खरोरा लौट रहा था, तभी शाम 7:00 बजे के आसपास आंधी तूफान की वजह से वह तिल्दाडीह मोड़ के पास रुका हुआ था. इसी दौरान बाइक सवार आरोपी उसके पास पहुंचे. उस पर तलवार से हमला किया और सोना चांदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए. मैनेजर टीकाराम शर्मा ने इसकी शिकायत खरोरा थाने में दर्ज कराई.
बाइक सवार बदमाश फरार, नहीं चला पता
ग्रामीण एडिशनल एसपी संदीप मित्तल ने बताया कि मैनेजर ने लूट के आरोपियों की संख्या 2 से 3 बताई है. घायल मैनेजर का इलाज नजदीक के अस्पताल में चल रहा है. पुलिस की टीम जांच कर रही है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और लोगों से इस मामले में पूछताछ भी की जा रही है. बाइक सवार बदमाशों के बारे में अब तक कोई सुराग नहीं मिला है. आरोपियों की तलाश की जा रही है.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad