दुर्ग : दुर्ग जिले के भिलाई में चाकूबाजी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. छावनी थाना क्षेत्र में मंगलवार रात करीब 10 बजे एक बदमाश ने दो युवकों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि आरोपी हाल ही में जेल से छूटकर आया था और पुरानी रंजिश के कारण इस वारदात को अंजाम दिया. गवाही देने की खुन्नस में आरोपी ने अपने ही इलाके के दो युवकों को निशाना बनाया.
टहलने निकले युवकों पर हमला
जानकारी के मुताबिक, घायल दोनों युवक आपस में दोस्त हैं और घटना के वक्त खाना खाने के बाद इलाके में टहलने निकले थे. इसी दौरान घात लगाए बैठे आरोपी ने अचानक धारदार हथियार से उन पर हमला बोल दिया. हमला इतनी तेजी से हुआ कि दोनों संभल भी नहीं पाए और गंभीर रूप से घायल हो गए.घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है.
आरोपी की गिरफ्तारी
वहीं वारदात की सूचना मिलते ही छावनी पुलिस मौके पर पहुंची और तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और हमले के पीछे की पूरी वजह खंगाल रही है. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad