जालंधर: थाना रामां मंडी के अंतर्गत पुलिस चौकी डकोहा के गांव ढिल्लवा के पास स्थित खेतों में बने एक पुराने सूखे कुएं से बीती रात एक नाबालिग लड़की की लाश मिलने से आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया। मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। अब इस मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस ने जांच के बाद लड़की के मंगेतर को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, युवक ने अपनी मर्जी के खिलाफ हुई सगाई के चलते अपनी मंगेतर का गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर लाश को गांव ढिल्लवा के पास स्थित खेतों के सूखे कुएं में फेंक दिया।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जांच-पड़ताल शुरू की और कुछ ही घंटों में हत्या के आरोपी दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में जानकारी देते हुए एडीसीपी हेड क्वार्टर सुखविंदर सिंह ने बताया कि शनिवार देर रात गांव ढिल्लवा के पास सूखे कुएं से मिली लड़की की लाश के मामले में उसके मंगेतर और एक अन्य नाबालिग युवक को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान नाबालिग आरोपी मंगेतर ने बताया कि उसके परिवार के सदस्यों ने उसकी मर्जी के खिलाफ उसकी सगाई पड़ोस में रहने वाली लड़की से करवा दी थी, जो उसे मंजूर नहीं थी। इसी वजह से उसने रात में अपनी मंगेतर को मिलने के लिए बुलाया और अपने साथी के साथ मिलकर उसे गांव ढिल्लवा के पास स्थित सूखे कुएं पर ले गया। उसने बताया कि इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई, जो हाथापाई तक पहुंच गई। गुस्से में आकर उसने अपने साथी के साथ मिलकर मंगेतर का गला घोंटकर हत्या कर दी और लाश को कुएं में फेंककर अपने घर जाकर सो गया। पुलिस टीम ने हत्या के आरोपी नाबालिग मंगेतर और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है और दोपहर बाद उन्हें माननीय अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
