यमुनानगर: यमुनानगर में पूर्व विधायक की फैक्ट्री पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. यह वारदात करीब एक हफ्ते पहले रात 9 बजकर 50 मिनट पर हुई थी, जब अज्ञात बदमाशों ने अचानक फैक्ट्री पर गोलियां बरसा दीं. इस घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी और स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया था. शुरुआती जांच में सामने आया था कि तीन आरोपी इस घटना में शामिल थे, जो वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए थे.
तकनीकी जांच से मिली सफलता: मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और तकनीकी सर्विलांस का सहारा लिया. करीब 7 दिन तक लगातार मेहनत, सीसीटीवी फुटेज खंगालने और अन्य इनपुट्स के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की. गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमन के रूप में हुई है, जो पास के एक गांव का रहने वाला बताया जा रहा है. पुलिस इस गिरफ्तारी को मामले में अहम कड़ी मान रही है.
पूछताछ में मिले अहम सुराग: पुलिस के अनुसार आरोपी अमन से पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है. इन सुरागों के आधार पर बाकी आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है. साथ ही पुलिस घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य भी जुटा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके. अधिकारियों का मानना है कि जल्द ही इस केस से जुड़े अन्य लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
अन्य की तलाश जारी: इस बारे में यमुनानगर के पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने कहा, “इस मामले में लगातार कार्रवाई की जा रही थी. करीब 7 दिन की मेहनत और तकनीकी सहायता के आधार पर एक आरोपी अमन को गिरफ्तार किया गया है. उससे पूछताछ जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है. ऐसे मामलों में पुलिस पूरी गंभीरता से काम करती है और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा. मैं युवाओं से अपील करना चाहता हूं कि वे इस तरह की आपराधिक गतिविधियों से दूर रहें. थोड़े पैसे के लालच में गलत रास्ता चुनना उनके भविष्य को बर्बाद कर सकता है.”
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दी जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही बाकी आरोपी भी कानून के शिकंजे में होंगे और इस मामले का पूरी तरह खुलासा हो जाएगा.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
