Ujjain Crime: उज्जैन पुलिस की बड़ी कामयाबी; 20 ट्रैक्टर चुराकर बेचने वाला ‘महाचोर’ गिरफ्तार, पाताल से ढूंढ निकाला

मध्य प्रदेश

उज्जैन : शहर की भाटपचलाना थाना पुलिस ने ऐसे चोर को पकड़ा है, जिसके बारे में सुनकर आपका भी दिमाग चकरा जाएगा. दरअसल, पुलिस ने किसानों से धोखाधड़ी कर उनके ट्रैक्टर हड़पने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है. शुरुआत में लगा कि शातिर चोर ने लगभग 4 किसानों के ट्रैक्टर चुराकर बेच दिए थे, लेकिन कार्रवाई आगे बढ़ी तो चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई.

सामने आई ट्रैक्टर महाचोर की सच्चाई

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 20 ट्रैक्टर जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 1 करोड़ 80 लाख रु बताई जा रही है. इस कहानी की शुरुआत हुई 30 अप्रैल 2026 को, जब रतलाम निवासी कन्हैयालाल पाटीदार ने थाना भाटपचलाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने और उनके तीन साथियों ने अपने-अपने ट्रैक्टर आरोपी रफीक को किराए पर दिए थे. आरोपी ने शुरुआत में एक महीने का किराया दिया, लेकिन इसके बाद न तो किराया दिया और न ही ट्रैक्टर लौटाए. बाद में पता चला कि आरोपी ने चारों ट्रैक्टर बेच दिए हैं.

सामने आई 20 ट्रैक्टर चोरी करने की कहानी

शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316 और 318 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने विशेष टीमें गठित कर इंदौर, रतलाम और धार सहित विभिन्न क्षेत्रों में दबिश दी. जांच में सामने आया कि आरोपी ने केवल चार बल्कि कुल 20 ट्रैक्टर किसानों से किराए पर लेकर अलग-अलग स्थानों पर बेच दिए या गिरवी रख दिए थे. पुलिस टीमों ने लगातार कार्रवाई करते हुए इन सभी 20 ट्रैक्टरों को अलग-अलग स्थानों से बरामद कर जब्त किया.

किसानों को ऐसे बनाता था शिकार

एसडीओपी खाचरोद आकांक्षा बिछोटे के अनुसार, ” आरोपी रफीक भोले-भाले ग्रामीण किसानों को निशाना बनाता था. वह उन्हें ज्यादा किराया देने का लालच देकर ट्रैक्टर किराए पर लेता था. कुछ समय तक किराया देने के बाद अचानक भुगतान बंद कर देता और ट्रैक्टर बेच देता था. संपर्क करने पर वह मोबाइल बंद कर देता और ठिकाना बदल लेता था.”

आरोपी से पूछताछ जारी

फिलहाल आरोपी पुलिस गिरफ्त में है और उसे न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि जिन लोगों ने ट्रैक्टर खरीदे, उनकी भूमिका क्या रही और क्या उन्होंने वैध दस्तावेजों के आधार पर खरीदारी की थी या नहीं.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी अकेले ही इस पूरे अपराध को अंजाम दे रहा था, हालांकि, आगे की पूछताछ में और खुलासे होने की संभावना है. इस बड़ी कार्रवाई के लिए थाना भाटपचलाना पुलिस टीम का किसानों ने माला पहनाकर सम्मान किया. वहीं, पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी को पुरस्कृत किए जाने की भी घोषणा की गई है.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry