दंतेवाड़ा: नक्सल प्रभावित जिले दंतेवाड़ा में सुकमा के एसडीओपी तोमेश वर्मा पर चाकू से हमला हुआ है. बताया जा रहा है कि पुलिस अधिकारी बैंक के पास जब बाजार में थे उसी समय एक युवक और युवती ने यह हमला कर दिया. पूरी घटना दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय के सामने एचडीएफसी बैंक के पास की है.
दंतेवाड़ा पुलिस ने लिया एक्शन
घटना की सूचना मिलते ही दंतेवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए दोनों हमलावरों को पकड़ लिया है. घायल पुलिस अधिकारी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है. घटना दंतेवाड़ा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस दल को रवाना किया गया और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. घायल पुलिस अधिकारी को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है. पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि घटना किस कारण से हुई है- आरके बर्मन, एएसपी, दंतेवाड़ा
हमले को लेकर बड़ा खुलासा
हमले को लेकर दंतेवाड़ा पुलिस ने खुलासा किया है. शुरुआती जांच में पता चला है कि न्यायालयीन प्रकरण में तोमेश वर्मा दंतेवाड़ा जिला अदालत आए हुए थे. इस दौरान दंतेवाड़ा के बाजार क्षेत्र में एक युवक एवं एक युवती ने अचानक चाकू से तोमेश वर्मा पर हमला कर दिया. डीएसपी एवं आरोपियों के बीच दुर्ग जिले की अदालत में चल रहे एक पुराने केस को लेकर विवाद था. हमलावर युवक एवं युवती को दंतेवाड़ा पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. दंतेवाड़ा में सुकमा के एसडीओपी तोमेश वर्मा पर दिन दहाड़े हमला होना कई तरह के सवाल खड़े कर रहा है.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
