धमतरी : धमतरी के धार्मिक स्थल में तोड़फोड़ की घटना के बाद क्षेत्र का माहौल तनावपूर्ण हो गया है. घटना से आक्रोशित हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर जमकर नारेबाजी की और अज्ञात आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की.
धार्मिक स्थल में हुई छेड़छाड़
जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर में स्थित धार्मिक स्थल पर असामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ की.सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध जताया. इसके बाद सभी कार्यकर्ता थाने पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की.इस संबंध में थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई है. हिंदू जागरण मंच के संयोजक पुरुषोत्तम निषाद ने बताया कि मूर्ति को नुकसान पहुंचाया गया है.
धार्मिक स्थल में रखे अस्त्र-शस्त्र को अस्त-व्यस्त कर दिया गया है. नवरात्र जैसे पावन पर्व के दौरान हुई इस घटना से समाज में गहरा आक्रोश है.संगठन ने पुलिस को चेतावनी दी है कि यदि आरोपी गिरफ्तार नहीं किए गए, तो गुरुवार को थाने का घेराव किया जाएगा- पुरुषोत्तम निषाद, संयोजक हिंदू जागरण मंच
वहीं सहसंयोजक चित्रेश साहू ने बताया कि मंदिर में रोज पूजा करने आने वाले व्यक्ति ने इस घटना की जानकारी दी, जिसके बाद संगठन के लोग मौके पर पहुंचे. उन्होंने शहर में इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
