चंडीगढ़: हरियाणा सरकार में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचकर केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया के साथ मुलाकात की। इस अवसर पर एक विशेष बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें हरियाणा को वैश्विक खेल केंद्र के रूप में विकसित करने तथा राज्य के खेल ढांचे को और सशक्त बनाने और युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए कई अहम बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई। खेल राज्य मंत्री ने सुनियोजित प्रयासों और मजबूत नीतियों के माध्यम से हरियाणा को वैश्विक खेल मानचित्र पर एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित किया जा सकता है।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने ‘मिशन ओलंपिक 2036’ को केंद्र में रखते हुए दीर्घकालिक योजनाओं पर विशेष रूप से चर्चा की। इसके साथ ही खेलो इंडिया, फिट इंडिया और यूथ गेम्स जैसी प्रमुख योजनाओं को हरियाणा प्रदेश के गांव-गांव और प्रत्येक युवा तक पहुंचाने के लिए प्रभावी क्रियान्वयन रणनीति पर विचार किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि राज्य के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को समान अवसर मिलें और वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
हरियाणा में युवाओं को खेलों में आगे बढ़ाने के मुद्दे पर विस्तृत और गंभीर चर्चा हुई। इस दौरान सरकार और खेल विभाग के अधिकारियों ने राज्य को खेलों में और मजबूत बनाने के लिए कई अहम बिंदुओं पर विचार किया। इसके साथ ही कोचिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने, खेल नर्सरी और अकादमियों की संख्या बढ़ाने, तथा युवाओं को शुरुआती स्तर से ही खेलों की ओर प्रेरित करने के उपायों पर भी विचार किया गया। खिलाडिय़ों को आर्थिक सहायता, डाइट प्लान और अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग देने जैसे मुद्दे भी एजेंडा में शामिल रहे। बैठक में यह भी तय किया गया कि स्कूल और कॉलेज स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं को और अधिक व्यवस्थित किया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा युवा खेलों से जुड़ सकें और राज्य को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिला सकें।
बैठक में राज्य के उभरते और अनुभवी खिलाडिय़ों की तैयारी, ट्रेनिंग सुविधाओं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए उन्हें और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। पलवल में बनने वाले अंतरराष्ट्रीय खेल स्टेडियम बनकर तैयार होगा, यहां के युवाओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी और उनके खेल करियर को एक नई दिशा और नए आयाम मिलेंगे। मिशन 2036 ओलंपिक को लेकर हरियाणा प्रदेश के खिलाडिय़ों पर विशेष रूप से चर्चा की गई।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने केंद्रीय खेल मंत्री के साथ जिला पलवल सहित अन्य जिलों में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल स्टेडियम पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह स्टेडियम न केवल आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, बल्कि स्थानीय युवाओं को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और प्रतियोगिता का मंच भी प्रदान करेगा। इससे क्षेत्र के खिलाडिय़ों को अपने कौशल को निखारने और बड़े सपनों को साकार करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा पहले ही देश में खेलों के क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में उभर चुका है। ओलंपिक और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य के खिलाडिय़ों का योगदान उल्लेखनीय रहा है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
