गुरदासपुर: करीब चार दिन पहले गुरदासपुर शहर में दिनदहाड़े एक सर्राफ के घर हुई करोड़ों रुपये की डकैती के मामले में पीड़ित सर्राफ वरुण महाजन ने सभी दुकानदारों से भावुक अपील करते हुए 9 मार्च को गुरदासपुर बंद रखने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि इस घटना ने न केवल उनके परिवार को झकझोर कर रख दिया है, बल्कि शहर के व्यापारियों में भी डर और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है।
वरुण महाजन ने कहा कि उनके घर जो बड़ी डकैती हुई है, उसका दर्द सिर्फ उनका परिवार ही समझ सकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना आमतौर पर लोग फिल्मों में ही देखते हैं, लेकिन गुरदासपुर में हुई यह वारदात शायद पूरे देश में इस तरह की पहली घटना हो सकती है। उन्होंने बताया कि उस दिन के बाद से वह और उनका परिवार लगातार परेशानी और मानसिक तनाव के दौर से गुजर रहे हैं।
उन्होंने इस मौके पर व्यापार मंडल का भी तहे दिल से धन्यवाद किया, जिन्होंने इस मुश्किल समय में उनका साथ दिया और इंसाफ की मांग को लेकर उनके समर्थन में आवाज उठाई। वरुण महाजन ने कहा कि वह किसी भी राजनीतिक पार्टी या संगठन से ऊपर उठकर शहर के सभी दुकानदारों से सम्मानपूर्वक अपील करते हैं कि वे 9 मार्च को गुरदासपुर बंद कर इस बड़ी डकैती के विरोध में अपनी एकजुटता दिखाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके और प्रशासन पर भी दबाव बने कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
उन्होंने कहा कि इस तरह के विरोध प्रदर्शन से न केवल पीड़ित परिवार को नैतिक सहारा मिलेगा, बल्कि यह संदेश भी जाएगा कि शहर का व्यापारी वर्ग ऐसी घटनाओं के खिलाफ एकजुट है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad