Faridabad Viral Video: फरीदाबाद में बुजुर्ग महिला की बेरहमी से पिटाई; वकील की बेटी ने जड़े 12 थप्पड़, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

हरियाणा

फरीदाबाद: जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां सेक्टर-29 में एक 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. पीड़ित महिला की पहचान रेखा तुली के रूप में हुई है. यह पूरी घटना रविवार शाम करीब 6 बजकर 15 मिनट की बताई जा रही है, जो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.

सड़क पर गिर गईं पीड़ित महिला: बताया जा रहा है कि बुजुर्ग महिला अपने घर के बाहर मौजूद थीं, तभी पड़ोस में रहने वाले एक एडवोकेट की बेटी अचानक वहां पहुंची और उनके साथ बदसलूकी करने लगी. देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपी महिला ने बुजुर्ग पर हमला कर दिया. परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने रेखा तुली को लगातार 10 से 12 थप्पड़ मारे, जिससे वह संतुलन खो बैठीं और सड़क पर गिर गईं. गिरने के कारण उन्हें चोटें भी आई हैं.

पीड़ित परिवार का आरोपः परिवार का कहना है कि “यह कोई पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी आरोपी महिला कई बार विवाद कर चुकी है. इस संबंध में पुलिस चौकी सेक्टर-28 में शिकायत भी दी गई थी, लेकिन हर बार आपसी समझौते के चलते मामला दबा दिया गया. परिजनों का आरोप है कि अगर पहले ही सख्त कार्रवाई की जाती, तो शायद यह घटना नहीं होती.”

क्या है विवाद का कारण: जानकारी के मुताबिक, घटना वाले दिन सुबह इलाके में पानी की पाइपलाइन फटने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी, जो शाम होते-होते हिंसक रूप ले गई.

दोनों पक्षों की ओर से मिला है आवेदन: वहीं, सेक्टर-31 थाना प्रभारी विवेक मालिक का कहना है कि “दोनों पक्षों की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.”

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry