गुमलाः जिला के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छिछवाणी में प्रेम प्रसंग को लेकर सोमवार शाम हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया. कामिल टोप्पो ने अपने ही गांव के राजेंद्र कुमार मिंज (45, पिता- लिबनिश मिंज) की डंडे से मारकर हत्या कर दी. इस घटना के बाद आरोपी गांव से फरार हो गया है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी कर रही है.
मंगलवार सुबह लगभग दस बजे ग्रामीणों ने बताया कि दोनों युवक एक ही महिला से प्रेम करते थे और इसी बात को लेकर लंबे समय से उनमें विवाद चल रहा था. सोमवार शाम लगभग 7 बजे आवेश में आकर कामिल टोप्पो ने राजेंद्र कुमार मिंज पर डंडे से हमला कर दिया.
वहीं गुमला एसपी हारिश बिन जमां ने कहा कि हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है. प्रथम दृष्टया में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आ रहा है. इसकी जांच की जाएगी.
मृतक के परिजनों ने बताया कि वह अपने पिता के साथ खेत से टमाटर लेकर घर लौट रही थी. इसी दौरान आरोपी ने पीछे से अचानक हमला कर दिया. इस हमले के बाद वह डरकर गांव की ओर भागी और ग्रामीणों को सूचना दी. ग्रामीण जब तक घटनास्थल पहुंचे, तब तक राजेंद्र कुमार मिंज की मौत हो चुकी थी.
इस घटना की सूचना मिलने पर चैनपुर थाना पुलिस रात में ही गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मंगलवार को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस मामले की जांच करते हुए फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. घटना के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
