देवराज हत्याकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन! दो आरोपी गिरफ्तार, फरार अभियुक्तों की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी

झारखण्ड

पाकुड़: सदर प्रखंड के तलवाडांगा थाना अंतर्गत नंदीपाड़ा गांव में होली के दिन हुई देवराज सरकार उर्फ नेमुआ सरकार की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने दो मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार हैं.

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) दयानंद आजाद ने रविवार को नगर थाने में पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी. एसडीपीओ ने बताया कि 4 मार्च को होली के अवसर पर तलवाडांगा के नंदीपाड़ा गांव में कुछ लोगों ने देवराज सरकार पर चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी थी.

मृतक की पत्नी लता सरकार के लिखित बयान पर नगर थाना कांड संख्या 36/26 दर्ज किया गया था. इसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 61(2), 351(2), 352 तथा 3(5) के तहत खुदु मंडल, प्रवीण मंडल, महादेव कर्मकार, डेनी सरकार, आशीष मंडल एवं 4-5 अज्ञात व्यक्तियों को अभियुक्त बनाया गया था.

एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर मामले की गहन जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई थी. जांच के दौरान टीम ने अस्पताल से खुदु मंडल को तथा कृष्णा मिश्रा को गिरफ्तार किया. इन दोनों के पास से एक बाइक और एक कार जब्त की गई है. इसके अलावा घटनास्थल से दो अन्य बाइक भी जब्त किए गए थे.

पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है और अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है.

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह हत्या जमीन विवाद के कारण हुई है. पुलिस मामले की छानबीन तेज कर रही है और शीघ्र सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने का दावा कर रही है.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry