Anu Murmu Traffic Police: स्टाइलिश कॉप के नाम से मशहूर हुए अनु मुर्मू, अनोखे अंदाज में संभालते हैं सड़क का ट्रैफिक

झारखण्ड

रांची: राजधानी रांची के सबसे व्यस्ततम चौराहों में से एक सुजाता चौक पर एक पुलिस वाला अपने ट्रैफिक कंट्रोल करने के अनोखे अंदाज की वजह से सबका ध्यान आकर्षित रहा है. हम बात कर रहे हैं रांची पुलिस के ट्रैफिक जवान अनु मुर्मू की. अपने बेहतरीन अंदाज की वजह से अनु मुर्मू “द स्टाइलिश कॉप” के नाम से मशहूर हो रहे हैं.

अनोखा अंदाज

रांची में बढ़ते वाहनों के दबाव की वजह से ट्रैफिक मैनेजमेंट को अक्सर एक बड़ी समस्या के रूप में देखा जाता है. लेकिन, इस दबाव के बीच ट्रैफिक जवान अनु मुर्मू बिल्कुल नए अंदाज और अनोखे स्टेप्स से अपनी ड्यूटी कर रहे हैं. उनका स्टाइल देखकर ट्रैफिक जाम में फंसे लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ जाती है. अनु मुर्मू रांची के सबसे बिजी चौराहे सुजाता चौक पर ड्यूटी करते हैं. यहां उनके विसल बजाने और हाथ घुमाने के अंदाज देखकर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले भी शर्मा जाते हैं और नियमों का पालन करने लगते हैं.

शर्मीले स्वभाव के लेकिन स्टाइल चर्चा में

ट्रैफिक मैनेजमेंट को लेकर अनु मुर्मू का स्टाइल चर्चा का विषय बन गया है. स्वभाव से बहुत शर्मीले अनु मुर्मू अपने स्टाइल को लेकर ज्यादा नहीं बोल पाते. वे बस इतना कहते हैं कि वे चाहते हैं कि लोग ट्रैफिक नियमों का पालन करें और ट्रैफिक साइन जिन खास ट्रैफिक नियमों के पालन करने के लिए बनाए गए हैं, उन्हें समझें.

होमगार्ड के जवान हैं अनु मुर्मू

अनु मुर्मू झारखंड के साहिबगंज के रहने वाले हैं और होम गार्ड के जवान हैं. हाल ही में, होम गार्ड जवानों को ट्रैफिक मैनेजमेंट संभालने की ट्रेनिंग दी गई है और उन्हें राजधानी रांची के अलग-अलग ट्रैफिक पोस्ट पर तैनात किया गया है. वैसे तो रांची में एक दर्जन होम गार्ड जवान ड्यूटी पर हैं, लेकिन अनु मुर्मू का स्टाइलिश अंदाज सबको बेहद भा रहा है.

पब्लिक खुश, जमकर होती है तारीफ

अनु मुर्मू कुछ डांस स्टेप्स और अपने विशेष विसल बजाने के अंदाज से ट्रैफिक कंट्रोल करते हैं, जो सुजाता चौक से गुजरने वाले वाहन चालकों को प्रभाविक करता है. सुजाता चौक से अक्सर गुजरने वाले अमन खान कहते हैं कि उन्हें इस ट्रैफिक जवान का निराला अंदाज देखकर काफी खुशी होती है. लोग बताते हैं कि अगर कोई ट्रैफिक जाम में फंस जाता है और उसे जल्दी निकलना होता है, तो अनु वहां पहुंच जाते हैं, उनकी मदद करते हैं और उन्हें जाम से बाहर निकालकर उनके गंतव्य तक जाने का रास्ता दिलाते हैं.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry