शराब, शबाब और ‘पिस्टल’ का शौक! नशे में दोस्त को ही मार दी गोली; पेट के आर-पार हुई बुलेट, आरोपी हथियार के साथ दबोचा

झारखण्ड

गिरिडीह: गांडेय के झरघट्टा में सोमवार देर रात गोली लगने से युवक के घायल होने के मामले का खुलासा हुआ. इस मामले में पुलिस ने न सिर्फ गोली चलाने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, बल्कि जिस 7.65 एमएम के पिस्टल से गोली चली थी, उसे भी बरामद कर लिया गया है. मिली जानकारी अनुसार जिस युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, वह घायल टिंकू मरीक का दोस्त है. गिरफ्तार युवक ने घटना की विस्तृत जानकारी भी पुलिस को दी है.

ऐसे हुआ मामले का खुलासा

बता दें कि सोमवार देर शाम गांडेय थाना इलाके के झरघट्टा में गोली चली थी. यहां मुफस्सिल थाना इलाके के जामाबाद निवासी टिंकू मरीक के पेट में गोली लगी थी. जिसके बाद उसे सदर अस्पताल लाया गया. जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया. इधर सूचना मिलते ही एसपी डॉ बिमल कुमार ने सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव के नेतृत्व में टीम बनाया. टीम में मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो के अलावा गांडेय पुलिस को शामिल किया गया.

टिंकू मरीक को गोली लगने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है. घटना की सत्यता भी सामने आ चुकी है. आगे विस्तृत जानकारी इकट्ठा की जा रही है:- जीतबाहन उरांव, एसडीपीओ

टीम जब घटनास्थल पर जांच करने पहुंची तो, उस स्थान पर किसी प्रकार का प्रमाण नहीं मिला. उसके बाद यह पता चला कि गोली देसी शराब के अड्डे में चली है. ऐसे में पुलिस झरघट्टा के उस घर पर पहुंची, जहां शराब बेची जाती है. वहां पहुंचते ही मामला खुल गया. घर में पुलिस को न सिर्फ खून के धब्बे मिले, बल्कि गोली चलने के निशान भी मिले. इस दौरान घर के मालिक ने बताया कि घायल के दोस्त के हाथ से ही गोली चलाई गई थी.

नई थी पिस्टल, चेक कर रहा था दोस्त

पूछताछ के बाद टिंकू के दोस्त को गिरफ्तार किया गया. दोस्त ने बताया कि टिंकू ही पिस्टल लेकर आया था. उसी पिस्टल को वह चेक कर रहा था. इसी दौरान फायर हो गई और गोली टिंकू के पेट में जा लगी. घटना के बाद टिंकू को अस्पताल ले जाया गया. पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने यह भी बताया कि उसने पिस्टल दुखिया महादेव के पास जमीन के नीचे गाड़ कर रख दिया है. इसके बाद पुलिस ने पिस्टल बरामद कर लिया.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry