भोपाल। मानसून की एंट्री से पहले मध्यप्रदेश में तेज आंधी और बारिश का दौर जारी है। नर्मदापुरम के सिवनी मालवा में रविवार दोपहर में करीब 40 मिनट तक तेज बारिश हुई। पिपरिया और बड़वानी में भी पानी गिरा। इससे पहले मऊगंज में शनिवार देर रात बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए।इस बार देश में मानसून 8 दिन पहले ही आ गया था। वहीं, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में यह तय समय से पहले पहुंच गया। ऐसे में अनुमान था कि मध्यप्रदेश में यह जून के पहले सप्ताह में ही आ जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
पिछले 15 दिन से मानसून महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ में एक ही जगह पर ठहरा रहा। इस वजह से एमपी में इसकी एंट्री नहीं हो पाई। हालांकि, अब मानसून आगे बढ़ने लगा है। इसलिए अब यह प्रदेश में 16-17 जून तक पहुंच सकता है। बता दें कि एमपी में मानसून के प्रवेश की सामान्य तारीख 15 जून ही है। पिछले साल यह 21 जून को एंटर हुआ था। इस बार गर्मी में भी लगातार 43 दिन तक बारिश होने का रिकॉर्ड बना है।
प्रदेश में 26 अप्रैल से आंधी-बारिश का दौर शुरू हो गया था, जो 7 जून को भी जारी रहा। यानी, लगातार 43 दिन से प्रदेश के किसी न किसी जिले में पानी गिरा या आंधी चली। 44 वें दिन आंधी-बारिश का दौर थमा रहा, लेकिन इसके बाद फिर से बारिश शुरू हो गई।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad