हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फोर्टिस अस्पताल में भर्ती पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से मुलाकात की और उनका स्वास्थ्य जाना। दोनों के बीच लगभग 20 मिनट तक कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री सैनी ने पंजाब में बाढ़ से उत्पन्न हालात की जानकारी ली और हरियाणा सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा, “बाढ़ की इस आपदा में हरियाणा, पंजाब के साथ खड़ा है। हरियाणा सरकार और हर एक हरियाणावासी इस संकट की घड़ी में पंजाब के साथ हैं।” मुख्यमंत्री सैनी ने भगवंत मान के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और पंजाब के हालात जल्द सामान्य होने की आशा जताई।
भगवंत मान की तबीयत बिगड़ने का कारण और घटनाक्रम
2 सितंबर को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बाढ़ प्रभावित फिरोजपुर का दौरा किया था। इसके बाद 3 सितंबर की रात को उनकी तबीयत बिगड़ गई। 4 सितंबर की सुबह आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल उनसे मिलने चंडीगढ़ स्थित सीएम आवास पहुंचे।
स्वास्थ्य खराब होने के कारण भगवंत मान को अरविंद केजरीवाल के साथ प्रस्तावित पंजाब के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों के दौरे को रद्द करना पड़ा। 5 सितंबर की शाम को तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इसके चलते 6 सितंबर को प्रस्तावित पंजाब कैबिनेट की बैठक को भी स्थगित कर दिया गया।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad