गुना। दहेज लोभियों के लालच की वजह से फिर एक बेटी की जान चली गई। ससुराल, समाज और मायके पक्ष की उपेक्षा से परेशान होकर महिला ने आत्महत्या कर ली। इससे पहले उसने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें दहेज को लेकर उसे दी गई प्रताडऩा और पीड़ा का पूरा खुलासा किया है। मौत से पहले विवाहिता ने इच्छा जताई कि उसका वीडियो पुलिस तक जरूर पहुंचे, ताकि दहेजलोभी ससुरालियों पर कार्रवाई की जा सके। दरअसल, पूरा मामला मधुसूदनगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गुंजारी कला का है। यहां जमुनालाल की बेटी मालती बाई पत्नी विनोद ने शनिवार को खेत के टपरे पर बने टपरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। अपनी जान देने से पहले मालती बाई ने वीडियो रिकॉर्ड कर खुलासा किया है कि उसका विवाह नसीरपुर निवासी विनोद से 4 साल पहले हुआ था।
शादी के बाद से ही मालती का पति विनोद, उसके सास-ससुर दहेज की मांग कर रहे थे। उसे साथ रखने के लिए तैयार नहीं थे। इसलिए वह शादी के बाद से ही अपने मायके में रह रही थी। मालती ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि उसका पति विनोद उसे सम्मान नहीं देता था, इसलिए उसे मायके में भी सम्मान की दृष्टि से नहीं देखा गया। समाज की अनदेखी, परिवार की उपेक्षा और ससुराल वालों की प्रताडऩा से उसका मानसिक संतुलन खराब हो चुका है। जीने का कोई उद्देश्य समझ नहीं आ रहा है, इसलिए आत्महत्या करने के अलावा कोई चारा नहीं बचा है।
इसके बाद मालती इस दुनिया को अलविदा कह गई। मालती के पिता जमुनालाल का कहना है कि उन्होंने अपनी बेटी का घर बसाने के लिए तमाम प्रयास किए। बेटी के ससुराल पक्ष पर केस भी दायर किया, पंचायत में समझौता कराया। लेकिन दामाद मोटरसाइकिल मांगता है, सास-ससुर को गहने चाहिए। वह मजबूर था। इसलिए कुछ नहीं कर पाया। फिलहाल मधुसूदनगढ़ पुलिस ने मृतक मालती के शव का पोस्टमार्टम कराया है और केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad