इंदौर: पिछले 8 साल से स्वच्छता में नंबर 1 पर बने रहने वाले इंदौर में अब टॉयलेट की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. आज वर्ल्ड टॉयलेट डे पर इंदौर में गेट-टूगेदर कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह आयोजन बच्चों के साथ जनजागरूकता के लिए किया गया. इस अवसर पर इंदौर नगर निगम द्वारा नए शौचालय का उद्घाटन किया गया. इंदौर महापौर के अनुसार संभवत: देश में ये पहला अवसर है जब टॉयलेट परिसर में गेट-टूगेदर कार्यक्रम हो रहा है.
पिछले साल 1 लाख सेल्फी से बना था नेशनल रिकॉर्ड
इंदौर स्वच्छता के मामले में लगातार इनोवेशन के लिए चर्चित रहा है. पिछले साल टॉयलेट में एक लाख सेल्फी से साथ नेशनल रिकॉर्ड बनाया था. इस वर्ष शहर के नेहरू पार्क, महाराणा प्रताप नगर, चोइथराम सब्जी मंडी और एफ सेक्टर में अलग-अलग थीम पर गेट-टूगेदर कार्यक्रम आयोजित किया गया. कहीं बर्थडे सेलिब्रेशन आयोजित किया गया, तो कहीं स्वच्छता सभा आयोजित हुई. नेहरू पार्क में रैंप वॉक पेंटिंग हुई. वहीं, चोइथराम मंडी में चाय और पोहा पार्टी का आयोजन किया गया. एफ सेक्टर में हॉट और कैरम प्रतियोगिता आयोजित हुई.
