Weather Update Today: दिल्ली में धूप के साथ चलेंगी तेज हवाएं, जानें यूपी-बिहार और पहाड़ों के मौसम का हाल

दिल्ली

देश इस समय होली के साथ ही मौसम के मिजाज में भी तेजी से बदलाव आने लगा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के अनुसार, 5 मार्च को देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के विविध रूप देखने को मिलेंगे. जहां एक ओर पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और बारिश का अलर्ट है. वहीं देश की राजधानी दिल्ली समेत कई मैदानी राज्यों में पारा चढ़ने से गर्मी का अहसास बढ़ने वाला है. दिल्ली में मार्च का महीना शुरू होते ही तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. 5 मार्च को दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों (NCR) में दिन के समय तेज धूप खिली रहने की संभावना है.

मौसम विभाग का अनुमान है कि दिन के समय तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी, जिससे दोपहर में लोगों को गर्मी महसूस हो सकती है. हालांकि, दिल्लीवासियों के लिए एक राहत भरी खबर भी है. 5 मार्च को दोपहर के समय दिल्ली में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. इन हवाओं के चलने से दिल्ली की हवा में घुले प्रदूषकों को छंटने में मदद मिलेगी, जिससे AQI में भारी गिरावट देखी जा सकती है. सुबह और रात के समय अभी भी हल्की ठंडक बनी रहेगी, लेकिन दिन का मौसम पूरी तरह से गर्म रहने वाला है

उत्तर प्रदेश और बिहार में गर्मी दिखाएगी तेवर

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार को पारा चढ़ने से लोग परेशान हो सकते हैं. लखनऊ, कानपुर, बरेली, आगरा, मथुरा, गोरखपुर और बांदा जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है. लखनऊ में गुरुवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

बिहार में भी 5 मार्च को मौसम साफ रहेगा. राज्य में पिछले 24 घंटों में बांका सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पटना और गया जैसे शहरों में भी गर्मी महसूस की जा रही है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में बिहार के तापमान में 1 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है, और एक सप्ताह के भीतर पारा 36 डिग्री के पार जा सकता है.

झारखंड के पूर्वी जिलों को मिली बड़ी राहत

झारखंड के मौसम में विरोधाभास देखा जा रहा है. जहां दक्षिणी जिलों (पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम) में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री के आसपास है, वहीं उत्तर-पूर्वी जिलों जैसे देवघर, गोड्डा और दुमका में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. यहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री से गिरकर 32 डिग्री पर आ गया है, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है.

देश के बाकी राज्यों में मौसम

पंजाब और हरियाणा में मौसम सामान्य बना रहेगा. सुबह हल्की ठंड और दिन में खिली धूप के कारण तापमान में मामूली वृद्धि होगी. फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं. राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में 5 मार्च को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना है. गुजरात के अहमदाबाद और सूरत जैसे शहरों में गर्मी बढ़ेगी. वहीं महाराष्ट्र (मुंबई, पुणे, नागपुर) में भी दिन के समय तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है.

दक्षिण भारत की अगर बात करें तो कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में गर्मी का प्रकोप सबसे ज्यादा है. यहां पारा 32 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है. केरल में प्रशासन ने लोगों को दोपहर में बाहर न निकलने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है.

पहाड़ों पर हो सकती है बर्फबारी और बारिश

हिमाचल प्रदेश में 2 दिन बाद मौसम बदलने वाला है. राज्य में सात मार्च से एक फ्रैश वेस्टर्न डिस्टरबेंस (WD) एक्टिव हो रहा है. इसका असर अगले चार दिन तक रहेगा. सात और आठ मार्च को WD कमजोर रहेगा. इन दो दिनों के दौरान लाहौल स्पीति, किन्नौर, चंबा और कुल्लू के अधिक ऊंचे क्षेत्रों में ही मौसम खराब रहेगा. इससे वहां बर्फबारी और बारिश हो सकती है. वहीं, उत्तराखंड के कई इलाकों में आज बारिश हो सकती है.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry