Satna News: सतना में जवारे विसर्जन से लौट रहे श्रद्धालुओं पर लाठी-डंडों से हमला, एक की हालत गंभीर

मध्य प्रदेश

सतना: टिकुरिया टोला से भार्जुना गांव में जवारे विसर्जन कर वापस लौट रहे लोगों पर रास्ता रोककर दबंगों ने हमला कर दिया. घटना में करीब आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं, जबकि एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. बदमाशों ने महिला, बुजुर्ग सहित सभी के साथ मारपीट की. मारपीट करने वाले स्थानीय ग्रामीण बताए जा रहे हैं. सूचना पर पहुंची कोलगवा थाना की पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा. पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की.

जवारे विसर्जन कर लौट रहे लोगों पर हमला
सतना जिले के कोलगवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबूपुर चौकी के साइडिंग में बुधवार एवं गुरुवार की देर रात एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. जहां पर जवारे को विसर्जन करके वापस लौट रहे लोगों पर साइडिंग में मौजूद दबंगों ने रास्ता रोककर उनके साथ लाठी डंडे से मारपीट कर दी. जानकारी के मुताबिक शहर के टिकुरिया टोला क्षेत्र बाईपास से जवारे लेकर करीब आधा सैकड़ा लोग ट्रैक्टर ट्राली पिकअप एवं कार में सवार होकर भार्जुना ग्राम में जवारे विसर्जन करने गए थे.

विसर्जन के बाद रात्रि करीब 11:00 बजे सभी लोग वापस टिकुरिया टोला क्षेत्र अपने घर की ओर लौट रहे थे. इसी बीच साइडिंग के पास कुछ दबंगों ने जवारे विसर्जन कर लौट रहे लोगों के वाहनों को रोक कर उनके साथ दबंगई करने लगे. वाहन में मौजूद लोगों ने जब इसका विरोध किया तो दबंगों ने उन पर लाठी डंडों एवं पत्थर से हमला कर दिया. वाहनों के साथ भी तोड़फोड़ की.

दबंगों ने किया बंधक बनाने का प्रयास
किसी तरीके से सभी लोग अपनी जान बचाकर कोलगवा थाने पहुंचे और पूरे घटनाक्रम को पुलिस को बताया. कुछ लोगों को दबंगों ने बंधक भी बनाने का प्रयास किया. लेकिन तत्काल पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हो गई और मौजूद लोगों को थाने लाया गया. पुलिस ने घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया. जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना में देवनारायण दहिया (उम्र 50), राहुल दहिया (उम्र 32 वर्ष), सुषमा दहिया (उम्र 25), अभी दहिया (उम्र 15), रीतू दहिया (उम्र 19), सुशीला दहिया, रजनीश दहिया (उम्र 18) सहित करीब 8 से 9 लोग घायल हो गए.

पीड़ितों ने सड़क पर लगाया जाम
घटनाक्रम से गुस्साए लोगों ने थाने में जमकर हंगामा किया. इसके बाद थाने के बाहर सड़क पर चक्का जाम कर दिया. देर रात सड़क पर चक्का जाम बना रहा. घटना की जानकारी लगते ही सीएसपी देवेंद्र सिंह चौहान कोलगवा थाने पहुंच गए. उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित कार्यवाही का आश्वासन देते हुए समझाइए दी. तब जाकर पीड़ित परिवार ने चक्का जाम हटाया. पुलिस ने मामले पर आरोपियों के विरुद्ध मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है.

सीएसपी देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि, कुछ लोग जवारे विसर्जन कर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया. हमले में कुछ लोग घायल हुए हैं जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry