Raipur Crime News: सूने मकानों को निशाना बनाने वाले चोर गिरोह का पर्दाफाश, 7 लाख के जेवरात के साथ 3 गिरफ्तार

छत्तीसगढ़

Raipur: रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में चोरी की दो अलग-अलग वारदातों को अंजाम देने वाले एक महिला समेत तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से करीब 7 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी बरामद की है। ये आरोपी मुख्य रूप से सूने मकानों को अपना निशाना बनाते थे।

ताला तोड़कर अलमारी और नल तक ले उड़े चोर

पहले मामले में रावतपुरा फेस-02 निवासी श्याम तांती ने टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 15 सितंबर से 17 सितंबर के बीच उनके घर पर अज्ञात चोरों ने धावा बोला। चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी में रखे कीमती सोने-चांदी के जेवरात चुरा ले गए। हैरानी की बात यह है कि चोर घर के किचन और बाथरूम में लगे नल भी उखाड़कर अपने साथ ले गए थे।

दूसरा मामला: रावतपुरा कॉलोनी में हुई चोरी

वहीं, दूसरी घटना रावतपुरा कॉलोनी की है, जहां प्रार्थी देवनारायण साहू ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनके अनुसार, 7 सितंबर से 18 अक्टूबर के बीच चोरों ने उनके सूने मकान को सूना पाकर अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरातों के साथ-साथ एक चांदी का सिक्का भी चोरी कर लिया।

पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई

लगातार हो रही चोरियों की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए टिकरापारा पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। घटनास्थल के तौर-तरीकों की छानबीन के बाद पुलिस ने लक्ष्मण महानंद और शेख खोकन को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने चोरी की इन दोनों वारदातों को कबूल कर लिया। पुलिस ने इस मामले में बीएनएस (BNS) की धारा 331(4) और 305 के तहत कानूनी कार्रवाई की है।

महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, पुराना अपराधी भी शामिल

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि चोरी किए गए जेवरात को ठिकाने लगाने और बेचने के लिए उन्होंने दर्पति बाई साहू नाम की महिला को दिए थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों की निशानदेही पर दोनों मामलों का पूरा माल बरामद कर लिया है, जिसकी कुल कीमत 7 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी लक्ष्मण महानंद पहले भी टिकरापारा थाना क्षेत्र में चोरी के मामलों में जेल की हवा खा चुका है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry