अमृतसर : पंजाब की अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरराज्यीय अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान पुलिस ने 7 लोगों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से 12 पिस्तौल, 16 मैगजीन और 23 जिंदा कारतूस बरामद किए है। बताया जा रहा है कि यह मॉड्यूल अमेरिका में रहने वाला दिलप्रीत सिंह चला रहा था। इसका मकसद विभिन्न गिरोहों को अवैध हथियार सप्लाई करना था। यह जानकारी पंजाब के DGP गौरव यादव ने सांझा की है।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि यह गिरोह मध्य प्रदेश से हथियार लाता था और अमृतसर में बांटने के बाद अलग-अलग गिरोहों को बांटता था। मॉड्यूल संगठित तरीके से काम कर रहा था, न केवल गिरोहों को हथियारों की आपूर्ति कर रहा था बल्कि अन्य प्रकार की सहायता भी प्रदान कर रहा था। गिरोह के इन 7 सदस्यों को गिरफ्तार करने के बाद अमृतसर पुलिस (Amritsar Police) ने इनके नेटवर्क का विस्तार से अध्ययन करना शुरू कर दिया है।

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस मॉड्यूल में और कौन-कौन शामिल है और ये लोग किस गिरोह को हथियार सप्लाई कर रहे थे। पुलिस ने कहा कि वे इस गिरोह के कुछ अन्य सदस्यों और लिंक्स की तलाश कर रहे हैं जो तस्करी में मदद कर रहे थे। इस मामले में इस्लामाबाद थाने में FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने कहा कि यह पूरे नेटवर्क पर नकेल कसने की एक व्यापक और सटीक योजना का हिस्सा था। पंजाब पुलिस की टीम इस नेटवर्क की सभी संभावित कड़ियों और इसके पीछे के मास्टरमाइंड का पता लगाने में जुटी हुई है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
