पश्चिमी दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में एक कार के अंदर तीन लोगों की संदिग्ध मौत ने राजधानी को दहला दिया है. पहले पुलिस इस मामले को आत्महत्या मानकर चल रही थी, लेकिन कार में दिखे एक ‘तांत्रिक’ ने पूरे मामले को काफी उलझा दिया है. पुलिस की तफ्तीश अब पूरी तरह से एक ऐसे ‘तांत्रिक’ के इर्द-गिर्द सिमट गई है, जिसका इतिहास काफी दागदार रहा है. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
आमतौर पर तांत्रिक की छवि लंबी जटाओं और गेरुए वस्त्रों वाली होती है, लेकिन यह तांत्रिक बेहद साधारण जीवन जीता है और अपने परिवार के साथ रहता है. हालांकि, उसका रिकॉर्ड इसके उलट है. तांत्रिक पर पहले भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. तांत्रिक के कई पुराने क्लाइंट्स की मौत भी पहले संदिग्ध परिस्थितियों में हो चुकी है, लेकिन हर बार सबूतों के अभाव के चलते वह कानून की गिरफ्त से बच निकलता था.
कार में बैठ दिखा था बाबा
आरोप है कि तांत्रिक लोगों को तंत्र-मंत्र के जरिए पैसा दोगुना और चौगुना करने का लालच देकर अपने जाल में फंसाता था. पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात के दिन तांत्रिक काफी देर तक उसी कार में मौजूद था, जिसमें एक महिला सहित 3 लोगों के शव मिले थे. चश्मदीदों और सबूतों के आधार पर बताया जा रहा है कि वह मृतक रणधीर के बगल वाली सीट पर ही बैठा था. मृतक लक्ष्मी का परिवार तांत्रिक को पहले से जनता था.
जानें क्या है पूरा मामला?
पुलिस को आशंका है कि लक्ष्मी ने ही तांत्रिक को शिवनरेश और रणधीर से मिलवाया होगा. पुलिस फिलहाल इस मामले को हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से जोड़कर देख रही है. मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी तांत्रिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. बता दें कि रविवार दोपहर चार बजे पुलिस को पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर एक कार में तीन लोगों के शव होने की सूचना मिली थी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था.
मामले की जांच में एक तांत्रिक का नाम सामने आया है, जिसे हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है. इस तांत्रिक की आपराधिक कुंडली सामने आई है, जिससे उससे पर पुलिस का शक और भी गहरा गया है.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
