Patna Murder Case: अवैध संबंधों ने उजाड़ा घर! पटना में पत्नी ने देवर के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार

बिहार

बिहार की राजधानी पटना में एक महिला का परिवार अनैतिक संबंधों की बलि चढ़ गया. दरअसल, महिला अपने देवर के प्यार में इस कदर पागल हो गई कि उसने कुछ ऐसे कदम उठाए, जिनके चलते अब वह अपने प्रेमी देवर के साथ कानून के शिकंजे में है.दरअसल, राजधानी के बिहटा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में बीती 4 मई की रात एक युवक अनिरुद्ध कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

इस घटना को परिवार द्वारा हादसे का रूप देने की कोशिश की गई थी. सबसे बड़ी बात यह रही कि मृतक की पत्नी ने खुद पुलिस को सूचना दी थी कि उसका पति हादसे का शिकार हो गया है. लेकिन मामला तब खुल गया, जब इलाज के लिए ले जाने पर डॉक्टरों ने स्पष्ट कर दिया कि मौत दुर्घटना से नहीं, बल्कि गोली लगने से हुई है. इसके बाद पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी.

पुलिस की जांच में यह सामने आया कि परिवार के कुछ लोगों के बयान संदिग्ध हैं. दरअसल, पुलिस ने इस पूरे मामले को लेकर एक एसआईटी का गठन किया था, जिसका नेतृत्व सिटी एसपी वेस्ट भानु प्रताप सिंह कर रहे थे. मृतक की मां के बयान पर बिहटा थाने में मामला भी दर्ज किया गया था. पुलिस ने जब अपने तरीके से जांच शुरू की, तब मृतक के छोटे भाई कुंदन ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.

जांच में खुलासा हुआ कि मृतक अनिरुद्ध की पत्नी का प्रेम संबंध कुंदन से था, यानी देवर और भाभी के बीच अनैतिक प्रेम संबंध था. दोनों एक साथ रहना चाहते थे, लेकिन अनिरुद्ध उनके रिश्ते में अड़चन बन रहा था.

दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची और एक योजना तैयार की. तैयार किए गए प्लान के तहत अनिरुद्ध को दो गोलियां मारी गईं, जिनमें से एक उसके पैर में लगी थी, जबकि दूसरी सिर में लगी थी. आरोपियों ने पूरे मामले को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की जांच में सब सामने आ गया. पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही अन्य सभी पहलुओं पर भी जांच की जा रही है.

इस संबंध में जानकारी देते हुए सिटी एसपी वेस्ट भानु प्रताप सिंह ने बताया कि 4 मई को बिहटा थाना क्षेत्र स्थित मोहम्मदपुर गांव में अनिरुद्ध कुमार को गोली लगने की सूचना पुलिस को मिली थी. पुलिस द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया और घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था. इस संबंध में बिहटा थाने में मामला दर्ज किया गया था.

मामले की गंभीरता को देखते हुए एक एसआईटी का गठन किया गया था. टीम द्वारा सफलतापूर्वक मामले का खुलासा कर लिया गया है. अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो गई है. मामले का मुख्य अभियुक्त मृतक का भाई है. उसका अपनी भाभी से अंतरंग संबंध था.

इसी कारण दोनों ने मिलकर अनिरुद्ध की हत्या कर दी. इसमें मृतक की पत्नी की भूमिका भी सामने आई है. घटना में प्रयुक्त देसी पिस्टल को कुएं से बरामद कर लिया गया है. मैगजीन भी बरामद हुई है. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.

What do you feel about this post?

100%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry