छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक बुजुर्ग महिला की तलवार से वारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. यहीं नहीं, आरोपियों ने उसकी आंखें भी निकाल ली. साथ ही परिवार के सात लोगों को भी गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. सभी घायलों का इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है, जहां कुछ की हालत अब भी नाजुक बताई जा रही है.
यह वारदात रतनपुर थाना क्षेत्र के पेंडरवा गांव में हुई. आरोपी सुरेश श्रीवास को शक था कि उसकी पत्नी का शेख सलीम नाम के युवक से संबंध है. इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और पहले भी कई बार कहासुनी हो चुकी थी.
घटना से एक दिन पहले पीड़ित पक्ष समझौते के लिए पहुंचा था
बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले पीड़ित पक्ष समझौते के लिए सुरेश के घर पहुंचा था, लेकिन वहां विवाद बढ़ गया. आरोप है कि इस दौरान सुरेश के बेटे ने चाकू निकालकर धमकी दी. पीड़ित परिवार मदद के लिए थाने भी पहुंचा, लेकिन कथित तौर पर उनकी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई नहीं की गई.
अगले दिन बुधवार शाम को सुरेश श्रीवास अपने दो नाबालिग बेटों के साथ हथियार लेकर शेख सलीम के घर पहुंचा. उस समय सलीम घर पर मौजूद नहीं था. आरोपियों ने घर में घुसते ही बुजुर्ग महिला मुदाद बेगम (65) पर तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. महिला का गला रेतने के साथ उसकी आंख भी निकाल ली.
हमले के दौरान जो भी सामने आया, आरोपियों ने उसे निशाना बनाया. परिवार की अन्य महिलाएं और सदस्य बचाने पहुंचे तो उन पर भी चाकू और तलवार से हमला कर दिया गया. इस हमले में कुल सात लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल हैं. घायलों में रेहाना बेगम, शहनाज बेगम, सुहाना, परी परवीन, अलिशा परवीन, सना परवीन, साहिस्ता परवीन और शेख शब्बीर शामिल हैं.
तीनों आरोपियों का सरेंडर
घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी खुद ही थाने पहुंच गए और सरेंडर कर दिया. वहीं, घायल परिजन भी उन्हें लेकर थाने पहुंचे, जहां से पुलिस ने तत्काल सभी को अस्पताल भेजा और आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी पत्नी के कथित संबंध और तलाक को लेकर गुस्से में था. इसी रंजिश के चलते उसने अपने बेटों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
