दुमका: जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोड्डा-हंसडीहा रेलखंड पर ट्रेन की चपेट में आकर दो युवकों की मौत हो गई है. मृतकों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और जांच कर रही है.
पांच सौ मीटर के अंदर पटरी पर मिले दोनों शव
दरअसल, शनिवार को पटरी के नजदीक से बबनखेता और चोरबटिया गांव के लोग गुजर रहे थे. तभी लोगों ने देखा कि कुछ ही अंतराल पर दो युवकों के शव पटरी पर पड़े हुए हैं. शव को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि दोनों की मौत एक ही ट्रेन के चपेट में आने से हुई है. स्थानीय लोगों ने उन्हें पहचाने का काफी प्रयास किया पर उनकी शिनाख्त नहीं हो पाई. देखते ही देखते घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई. कुछ लोग इसे आत्महत्या तो कुछ लोग दुर्घटना बताने लगे. लेकिन दो युवक की मौत और दोनों अंजान, ऐसे में कई अन्य आशंका भी जताई जाने लगी.
भीड़ में से ही किसी ने तत्काल इसकी सूचना हंसडीहा थाना को दी. घटना की सूचना मिलते ही हंसडीहा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस द्वारा शव की पहचान के लिए आसपास के गांव के लोगों से पूछताछ की जा रही है. इधर घटना की सूचना मिलने पर रेलवे की ओर से भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और जानकारी के लिए लोगों से पूछताछ की गई.
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
इस पूरे मामले में हंसडीहा थाना प्रभारी अजीत कुमार यादव ने बताया कि रेल पटरी पर दो युवकों का शव बरामद किया गया है. जिसकी अब तक पहचान नहीं हो पाई है. उन्होंने बताया कि आसपास के लोगों के द्वारा शिनाख्त का काफी प्रयास किया गया, लेकिन उनके द्वारा असमर्थता जताई गई है. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इधर घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad