भोपाल। मध्य प्रदेश मदरसा बोर्ड ने हाई स्कूल और हायर सेकंडरी (उर्दू माध्यम) परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथियों का शैक्षणिक कैलेंडर जारी कर दिया है। विद्यार्थी स्वयं या अपने अध्ययन केंद्र के माध्यम से परीक्षा आवेदन पत्र ऑनलाइन भर सकेंगे।
बोर्ड के अनुसार, जो विद्यार्थी स्वयं ऑनलाइन आवेदन करेंगे, उन्हें अपने जिले के जिला शिक्षा अधिकारी या मदरसा प्रभारी से आवेदन पत्र का सत्यापन कराकर निर्धारित समय सीमा में मप्र मदरसा बोर्ड को भेजना होगा।
निर्धारित शुल्क के साथ करना होगा आवेदन
क्रेडिट योजना के अंतर्गत शामिल होने वाले विद्यार्थियों को संबंधित मंडल से अपनी अंकसूची का सत्यापन कराना अनिवार्य होगा। सत्यापित अंकसूची की प्रति परीक्षा आवेदन पत्र के साथ जमा करनी होगी।
यदि कोई विद्यार्थी स्वयं अंकसूची का सत्यापन नहीं कराता है, तो उसे बोर्ड द्वारा निर्धारित एक हजार रुपये का सत्यापन शुल्क ऑनलाइन या चालान के माध्यम से जमा करना होगा।
मदरसा बोर्ड ने बताया कि शैक्षणिक कैलेंडर और शुल्क संरचना की विस्तृत जानकारी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad