Monalisa News: ट्रेलर लॉन्च से पहले मोनालिसा को बड़ा झटका! प्रयागराज माघ मेला प्रबंधन ने नहीं दी परमिशन; जानें वजह

मध्य प्रदेश

इंदौर: महाकुंभ प्रयागराज से चर्चा में आई मोनालिसा एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वो अपनी अपकमिंग मूवी ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ की वजह से सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं. मोनालिसा ने वीडियो संदेश जारी कर प्रयागराज के महाकुंभ मेले से 10 फरवरी को उनकी ‘फिल्म द डायरी ऑफ मणिपुर’ का पहला ट्रेलर रिलीज किए जाने की बात कही थी. साथ ही उन्होंने चाहने वालों और मां गंगा से आशीर्वाद भी मांगा था. फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है. डायरेक्टर सनोज मिश्रा फिल्म द डायरी ऑफ मणिपुर का पहला ट्रेलर माघ मेले से रिलीज करना चाह रहे हैं, लेकिन प्रशासन से अनुमति नहीं मिल पाई है.

मोनालिसा की फिल्म को लगा झटका

वायरल गर्ल मोनालिसा की पहली बॉलीवुड फिल्म बनकर तैयार हो चुकी है. 10 फरवरी को प्रयागराज के माघ मेला परिसर से मूवी का पहला ट्रेलर लॉन्च किया जाना था, लेकिन माघ मेला प्रबंधन ने भक्तों की भीड़ को देखते हुए अभी यहां से ट्रेलर रिलीज करने की अनुमति देने से इंकार कर दिया है. यह जानकारी फिल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा द्वारा दी गई है. उन्होंने बताया कि “मेला प्रबंधन का कहना था कि माघ मेला समापन पर है, जिसके चलते यहां भक्तों की भारी भीड़ हो रही है. ऐसे में वे यहां से फिल्म द डायरी ऑफ मणिपुर का ट्रेलर रिलीज करने की परमिशन नहीं दे सकते हैं. माघ मेला 15 फरवरी को समाप्त हो रहा है. इसके बाद कभी भी फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर सकते हैं.”

फिल्म डायरेक्टर का पोस्ट वायरल

सनोज मिश्रा का कहना है कि “पिछले वर्ष प्रयागराज महाकुंभ से इस फिल्म की यात्रा शुरू हुई थी. इसलिए वे चाहते हैं कि उनकी इस फिल्म का पहला ट्रेलर माघ मेला की पावन धरती से रिलीज हो. फिल्म से जुड़े अन्य सदस्यों का फैसला भी यही है.” फिल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने कुछ दिन पहले ट्रेलर रिलीज से जुड़ा एक पोस्ट भी सोशल मीडिया पर शेयर किया था. जिसमें उन्होंने लिखा था, “मित्रों प्रणाम नमस्कार…बहुत जल्दी टीम ‘द डायरी ऑफ मणिपुर” की टीम प्रयागराज पहुंच रही है, प्रयोजन है फिल्म के ट्रेलर के रिलीज़ का, यहीं से पिछले साल वायरल गर्ल मोनालिसा का उदय हुआ था, जिसको मैंने अभिनेत्री बनाने का संकल्प लिया था जो मैंने पूरा किया, जहां से शुरुआत हुई थी वहीं पर फिल्म का ट्रेलर रिलीज होना एक सुखद पड़ाव होगा.”

महाकुंभ से बदली मोनालिसा की किस्मत

पिछले साल मोनालिसा प्रयागराज महाकुंभ मेले में माला बेचने आई थी. उनकी मासूमियत और नीली आंखों की वजह से वह रातो रात सोशल मीडिया पर स्टार बन गई थीं. उनकी तस्वीरें और वीडियो खूब शेयर हो रहे थे. हर मीडिया चैनल पर वह छाई हुई थीं. कुछ ही समय में मोनालिसा देशभर में पहचानी जाने लगीं. वायरल होने के बाद उनकी जिंदगी में बड़ा बदलाव आया. मोनालिसा को देखने के बाद फिल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने उनके साथ फिल्म बनाने का फैसला किया.

monalisa film trailer release

मोनालिसा ने जारी किया था वीडियो

अपनी नीली आंखों को लेकर चर्चा में आईं मोनालिसा ने अपना वीडियो जारी करके कहा- मुझे आज आप लोगों को यह बताते हुए खुशी हो रही है कि मैं एक बार फिर 10 फरवरी को प्रयागराज आ रही हूं. मेरी फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुरी’ के डायरेक्टर सनोज मिश्रा के साथ. उन्होंने कहा, “करीब एक साल पहले मां गंगा मैया के आशीर्वाद से और आप लोगों के प्यार से मेरी जिंदगी की नई शुरुआत हुई थी. अब मेरी फिल्म का पहला ट्रेलर वहीं से रिलीज होगा, यह मेरे लिए किसी सपने से कम नहीं है.”

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry