सेल्फी लेते वक्त झिंगरिया वाटरफॉल में गिरा शख्स, दूसरे दिन भी नहीं मिल रहा कोई सुराग

मध्य प्रदेश

छिंदवाड़ा: अपने परिवार के साथ रविवार को झिंगरिया वाटरफॉल घूमने गए मुकुंद मिश्रा खूबसूरत पलों को मोबाइल में कैद कर रहे थे, लेकिन जरा सी लापरवाही से जिंदगी खतरे में चली गई. सेल्फी लेते समय उनका पैर फिसला और देखते ही देखते वे वाटरफॉल से गिर रहे पानी में डूब गए. घटना के बाद से एनडीआरएफ की टीम उनकी तलाश कर रही है, लेकिन अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है.

एनडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कार्य किया शुरू

छिंदवाड़ा के तामिया थाना क्षेत्र अंतर्गत झिंगरिया वाटरफॉल में एक व्यक्ति के साथ बड़ा हादसा हो गया. पैर फिसलने के कारण वे वाटरफॉल में गिर गए. जिसके बाद चौकी प्रभारी मयंक उईके मौके पर पहुंचे और एनडीआरएफ की टीम को सूचना दी गई. एनडीआरएफ की टीम तत्काल पहुंची और रेस्क्यू कार्य शुरू किया. लेकिन मुकुंद का कोई सुराग नहीं लग पाया है.

गाजियाबाद से रिश्तेदार के घर आए थे मुकुंद

मुकुंद मिश्रा गाजियाबाद के रहने वाले हैं. वे छिंदवाड़ा में अपने रिश्तेदार के घर आए हुए थे. यहां अपने परिवार के साथ वे झिंगरिया वाटरफॉल घूमने गए थे. इसी दौरान ये हादसा हो गया. घटना के 2 दिन बाद भी मुकुंद का पता नहीं लग पाया है. युवक की सर्चिंग एनडीआरएफ की टीम और लोकल गोताखोर कर रहे हैं. ड्रोन स्कैनिंग भी की गई है. रविवार की सर्चिंग के बाद सोमवार सुबह से भी सर्चिंग जारी है.

लोकल गोताखोर की मदद से रेस्क्यू कार्य जारी

पानी का बहाव अधिक होने की वजह से अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवक वहां से आगे बह गया होगा. वहीं, अधिक गहराई और पानी का तेज बहाव होने के कारण रेस्क्यू करने में टीम को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पुलिस सहित एनडीआरएफ के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं. थाना प्रभारी मयंक उइके ने बताया कि “सभी तरीके के प्रयास किये जा रहे हैं. एनडीआरएफ की टीम और लोकल गोताखोर की मदद से रेस्क्यू का कार्य जारी है.”

2 बेटियों के पिता हैं मुकुंद

मुकुंद शर्मा मल्टीनेशनल कंपनी में जॉब करते हैं. परिजनों ने बताया कि छिंदवाड़ा में उसके रिश्तेदार हैं और वह वहां घूमने आये थे. उनकी 2 बेटियां हैं, जिसमें बड़ी बेटी 3 साल की और छोटी बेटी 6 महीने की है. रिश्तेदार उन्हें झींगरिया वाटरफॉल और तामिया घुमाने लेकर गए थे. इसी दौरान हादसा हो गया. घटना के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry