लुधियाना: महानगर में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए जब थाना डिवीजन नंबर-7 के अधीन आती संजय गांधी कॉलोनी (सेक्टर-32) में बदमाशों ने रातभर जमकर उत्पात मचाया। गोपाल मंदिर के पास स्थित इलाके में बदमाशों ने ऐसा खौफनाक माहौल बना दिया कि लोग पूरी रात अपने घरों में दुबके रहे।
मिली जानकारी के अनुसार रात करीब 12 बजे गलियों में गाली-गलौज और ईंट-पत्थर चलने की आवाजें आने लगीं। इसी दौरान करीब 6 नकाबपोश बदमाश मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पहुंचे। उनके हाथों में तलवारें और तेजधार हथियार थे। बदमाशों ने इलाके में कई चक्कर लगाए और रास्ते में खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाते हुए उन पर तलवारों से हमला कर तोड़फोड़ कर दी।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बदमाश खुद ही मोबाइल से अपनी हरकतों का वीडियो बना रहे थे। गली के दोनों ओर से पथराव भी हुआ, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह हंगामा देर रात से लेकर सुबह करीब साढ़े पांच बजे तक रुक-रुक कर चलता रहा। लोगों का कहना है कि पुलिस की पीसीआर वैन भी मौके पर पहुंची, लेकिन सायरन की आवाज सुनते ही बदमाश गलियों में छिप जाते और पुलिस के जाते ही फिर से तोड़फोड़ शुरू कर देते थे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
