Lok Bhavan Garden Ranchi: लोक भवन उद्यान में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब, स्कूली छात्रों ने देखा प्रकृति और विरासत का संगम

झारखण्ड

रांची: शहर के प्रमुख स्थलों में शामिल लोक भवन उद्यान इन दिनों पर्यटकों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. हरियाली, खुला माहौल और सुसज्जित परिसर की वजह से बड़ी संख्या में लोग यहां घूमने और अवलोकन के लिए पहुंच रहे हैं. गुरुवार को लोक भवन उद्यान में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली, जब एक ही दिन में करीब 37,976 सैलानी यहां पहुंचे.

सुबह से ही लोक भवन परिसर में चहल-पहल शुरू हो गई थी. परिवारों के साथ आए लोग, बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी उद्यान की हरियाली और शांत वातावरण का आनंद लेते नजर आए. शहर की व्यस्त दिनचर्या से दूर यह जगह लोगों के लिए कुछ सुकून भरे पल बिताने का मौका बन गया है.

स्कूलों के बच्चे पहुंचे लोक भवन उद्यान

स्कूल के बच्चों ने न सिर्फ उद्यान की हरियाली और सौंदर्य को करीब से देखा, बल्कि लोक भवन की वास्तुकला और परिसर की व्यवस्थाओं को भी समझा. शिक्षकों के साथ आए बच्चों में भवन को देखने और उसके बारे में जानने को लेकर खास उत्सुकता नजर आई. कई बच्चों ने पहली बार लोक भवन को इतने नजदीक से देखा और इसकी भव्यता से प्रभावित हुए.

भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के इंतजाम

लोक भवन उद्यान आम लोगों के लिए सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक खुला है, जबकि सुरक्षा व्यवस्था के तहत दोपहर 1 बजे तक प्रवेश की अनुमति दी जा रही है. प्रवेश गेट संख्या-2 से कराया जा रहा है, यहां सुरक्षा जांच के बाद लोगों को अंदर जाने दिया जा रहा है. बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के इंतजाम भी किए गए हैं.

उद्यान की फोटो ले रहे हैं पर्यटक

उद्यान परिसर में साफ-सफाई, पेयजल और बैठने की बेहतर व्यवस्था की गई है. सजी-संवरी पगडंडियां, हरियाली और खुला वातावरण खासकर बच्चों और बुजुर्गों को खूब पसंद आ रहा है. कई परिवार यहां तस्वीरें लेते और साथ समय बिताते दिखे. वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में ऐसे सुरक्षित और खुले सार्वजनिक स्थल कम हैं, यहां परिवार और बच्चे एक साथ आराम से समय बिता सके.यही वजह है कि लोक भवन उद्यान को लेकर लोगों में खास उत्साह देखने को मिल रहा है और रोजाना सैलानियों की संख्या बढ़ रही है. फिलहाल लोक भवन उद्यान 8 फरवरी तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा और आने वाले दिनों में भी यहां सैलानियों की अच्छी खासी भीड़ रहने की संभावना है.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry