रांची: झारखंड में रिक्त हो रही राज्यसभा की सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीति साफ कर दी है। सोमवार शाम भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पार्टी राज्यसभा चुनाव में अपना प्रत्याशी उतारेगी। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहु के नेतृत्व में हुई इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
👤 कौन होगा प्रत्याशी? पार्टी कार्यकर्ता पर जताया भरोसा
बैठक के बाद प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने मीडिया को जानकारी दी कि 18 जून को होने वाले चुनाव के लिए पार्टी पूरी तरह तैयार है। प्रत्याशी के चयन को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा का उम्मीदवार कोई बाहरी नहीं, बल्कि पार्टी का एक समर्पित कार्यकर्ता ही होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि चुनाव के लिए आवश्यक 28 मतों का आंकड़ा भाजपा निश्चित रूप से पार करेगी।
🔥 राजनीतिक घमासान: JMM और कांग्रेस पर भाजपा का तीखा हमला
प्रत्याशी उतारने के निर्णय पर जेएमएम द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए अमर बाउरी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि “उल्टा चोर कोतवाल को डांटे” की तर्ज पर जेएमएम और कांग्रेस गठबंधन में भारी अंतर्कलह है। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा का इतिहास हमेशा से हॉर्स ट्रेडिंग का रहा है। भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन और उनके कार्यों से प्रेरित होकर राज्य के विधायक अंतरात्मा की आवाज पर भाजपा प्रत्याशी को अपना मत देंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुनाव लड़ना भाजपा का संवैधानिक अधिकार है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad