Jharkhand Mausam News: गर्मी से मिलेगी राहत! झारखंड के इन जिलों में मेघ गर्जन के साथ बारिश की चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

झारखण्ड

रांची: झारखंड में मौसम ने करवट ले ली है. मौसम केंद्र, रांची के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आज यानी 28 अप्रैल को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवा चलने की संभावना है. सुबह होते ही रांची में इसका असर देखने को मिला. गर्जन के साथ आसमान में बादल छाने लगे. तेज हवा चलने लगी और सुबह करीब 7 बजे से 8 बजे के बीच रांची के कई इलाकों में मध्यम दर्जे की बारिश हुई. इससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है.

इन जिलों में बदला मौसम का मिजाज

रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद सहित मध्य झारखंड के जिलों में आज मौसम बदला हुआ रहेगा. वहीं, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जैसे दक्षिणी इलाकों में भी बारिश के आसार हैं. उत्तर-पश्चिमी झारखंड के पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में भी बादल छाए रहने और बारिश की संभावना जताई गई है. इसके अलावा देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जैसे उत्तर-पूर्वी जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा.

मौसम केंद्र ने जारी किया येलो अलर्ट

मौसम केंद्र, रांची ने येलो अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि कुछ स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. जबकि अन्य इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. इसके साथ ही वज्रपात का भी खतरा बना हुआ है, जिसे लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

आने वाले कुछ दिनों तक राहत के आसार

आने वाले दिनों की बात करें तो 29 अप्रैल से 1 मई तक राज्य में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी. 2 और 3 मई को भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. मौसम में इस बदलाव का असर तापमान पर भी पड़ेगा. अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry