Dhanbad DC in Rural Areas: धनबाद डीसी की दूरस्थ गांवों में ‘संध्या चौपाल’, ग्रामीणों की समस्याएं सुन आत्मनिर्भरता पर दिया जोर

झारखण्ड

धनबाद: जिले के दूरस्थ तोपचांची प्रखंड के नेरो पंचायत में उपायुक्त आदित्य रंजन ने जमीनी हकीकत जानने के लिए दौरा किया. इस दौरान उन्होंने संध्या चौपाल में हिस्सा लेकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी दी. मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी भी उपस्थित रहे.

चौपाल में गड़ीडीह, रंगरंगी, निमडीह, अमराडीह और मदनपुर समेत कई गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में जुटे. अलग-अलग स्थानों पर लोगों ने बुके देकर उपायुक्त का स्वागत किया और पूरे उत्साह के साथ उन्हें पंचायत का दौरा कराया. चौपाल को संबोधित करते हुए उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि गांवों के विकास के लिए सामूहिक भागीदारी बेहद जरूरी है.

उन्होंने जल संरक्षण को प्राथमिकता देने और बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत बागवानी को बढ़ावा देने की बात कही. साथ ही पशुपालन और मत्स्य पालन को आजीविका के मजबूत साधन के रूप में अपनाने पर जोर दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि सरकारी योजनाएं सिर्फ कागजों में सीमित न रहें, बल्कि उनका वास्तविक लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचे. किसी भी ग्रामीण को जानकारी के अभाव में योजना से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा.

इस दौरान उपायुक्त ने कुछ गांवों को मॉडल गांव के रूप में विकसित करने की योजना का भी जिक्र किया, ताकि अन्य क्षेत्र उनसे प्रेरणा ले सकें. उन्होंने यह भी साफ किया कि नेरो पंचायत के किसी भी टोले को गोद नहीं लिया गया है, बल्कि यहां की प्रगति को समझने और आवश्यकताओं का आकलन करने के लिए यह दौरा किया गया है. जनप्रतिनिधियों की गैर मौजूदगी पर उपायुक्त ने कहा कि जल्द ही विधायक, मुखिया और अन्य प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की जाएगी.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry