जबलपुर में गढ़ा थाना क्षेत्र में बीते 27 मार्च को 16 वर्षीय लड़के की चाकू से वारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि एक अन्य किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया था. पुलिस ने इस मर्डर केस में चौंकाने वाला खुलासा किया है. पुलिस के अनुसार, युवती पहले एक युवक के साथ रिश्ते में थी, लेकिन उसके जेल जाने के बाद उसने दूसरे युवक से बातचीत शुरू कर दी. कुछ समय बाद जब पहला युवक जेल से बाहर आया और उसने युवती से संपर्क करने की कोशिश की, तो युवती ने उससे दूरी बना ली. इस बात से नाराज युवक लगातार उसे फोन कर परेशान करने लगा. परेशान होकर युवती ने यह बात अपने नए दोस्त को बताई, जिसके बाद दोनों युवकों के बीच विवाद और गहरा हो गया.
आरोपियों ने मिलकर हमला किया
इस मामले में घायल 15 वर्षीय ऋतिक जोगेल के बयान के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया है. ऋतिक ने बताया कि आरोपियों ने मिलकर हमला किया था. पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों—यशराज पटेल, युवराज उर्फ युवी स्मिथ और अंशराज उर्फ अंशु धुर्वे—सहित तीन अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है.
दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घमापुर निवासी कृष्णा उर्फ क्रिश मिश्रा और यशराज पटेल के बीच युवती को लेकर पहले से विवाद चल रहा था. घटना के दिन दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट और चाकूबाजी शुरू हो गई. इसी दौरान नाबालिगों को निशाना बनाते हुए हमला किया गया, जिसमें एक की जान चली गई.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य तीन की तलाश जारी है. मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है, साथ ही एससी-एसटी एक्ट के प्रावधान भी जोड़े गए हैं.
थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है. संबंधित युवती से भी पूछताछ की जाएगी, जिससे घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके. पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
