Garhwa News: गढ़वा एसडीएम की बड़ी कार्रवाई, 70 अवैध गैस सिलेंडर जब्त; संचालक के खिलाफ FIR दर्ज, जांच में जुटे अधिकारी

झारखण्ड

गढ़वाः शहरी क्षेत्र के ग्रामीण इलाके में अभी भी लोग आपदा में अवसर तलाश रहे हैं. गढ़वा सदर एसडीएम संजय पांडेय द्वारा रसोई गैस कालाबाजारी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गयी. अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में सदर प्रखंड के हूर गांव में छापेमारी कर 70 एलपीजी सिलेंडर से लदा एक पिकअप वाहन जब्त किया गया है. इनमें से 17 सिलेंडर भरे हुए जबकि 53 सिलेंडर खाली थे. बड़ी मात्रा में खाली सिलेंडर मिलने से ग्रामीणों के उस आरोप की पुष्टि हुई कि गांव में एक व्यक्ति द्वारा सिलेंडर बेचने का काम किया जा रहा है.

सूचना के आधार पर की गई छापेमारी

एसडीएम संजय कुमार को व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों से हूर गांव में उक्त व्यक्ति के द्वारा ऊंचे दाम पर गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री और कालाबाजारी की शिकायत प्राप्त हो रही थी. सूचना के सत्यापन के पश्चात एसडीएम ने ग्राम हूर स्थित सचिन चौबे के ठिकाने पर औचक छापेमारी की, तो घर के बाहर ही अहाते में सिलेंडरों से भरा हुआ वाहन खड़ा मिल गया.

वैध दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर कार्रवाई

मौके पर मौजूद सचिन चौबे इन भरे और खाली सिलेंडरों के स्रोत और वितरण के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज या संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने में विफल रहे. मामला संदिग्ध पाए जाने पर प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया

एसडीएम ने अंचलाधिकारी शफी आलम और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी राहुल मिंज के साथ ग्राम हूर स्थित सचिन चौबे के पास से मिले इन सिलेंडरों की गिनती करवाई. अधिकारियों ने जब्त किए गए इस स्टॉक को जनहित और सुरक्षा की दृष्टि से कल्याणपुर स्थित भारद्वाज भारत गैस एजेंसी की सुपूर्दगी में दे दिया.

गैस जमाखोरों के विरुद्ध कार्रवाई होगीः एसडीएम

एसडीएम ने अंचलाधिकारी और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को दोषी व्यक्ति के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कराया है. साथ ही साथ वैसे जमाखोरों को हिदायत दी है कि अगर किसी ने भी गैस जमाखोरी की तो उसके विरुद्ध कार्रवाई होगी.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry