बठिंडा : पंजाब पुलिस के नाम पर लोगों को डराकर ठगी करने वाले फर्जी पुलिसकर्मी को सिविल लाइंस पुलिस ने काबू कर लिया, जो गरीब परिवार से बच्चा डोनेट कराने बदले कमीशन मांग रहा था। आरोपी खुद को पुलिस विभाग के पी.ओ. विंग का कर्मचारी बताकर लोगों को नकली समन भेजता था और गिरफ्तारी से बचाने के नाम पर लोगों से ऑनलाइन पैसे वसूलता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि 30 वर्षीय आरोपी रंजीत सिंह लंबे समय से इस तरीके से लोगों को अपना शिकार बना रहा था। वह पहले लोगों को फर्जी समन भेजता, फिर मामला रफा-दफा करने के नाम पर पैसे ऐंठ लेता था।
थाना प्रभारी बताया कि उन्हें डी.ए.वी. कालेज के पास एक संस्था से शिकायत मिली, जिसमें बताया गया कि हरदेव नगर के एक गरीब परिवार के 6 साल के बच्चे को लेकर आरोपी ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि वह बच्चे को डोनेट करवाने में मदद करेगा और इसके बदले कमीशन मांगी। जब आरोपी लगातार परिवार पर कमीशन देने का दबाव बनाने लगा तो परिवार को शक हुआ कि वह असली पुलिसकर्मी नहीं है। इसके बाद संस्था की मदद से पुलिस को सूचना दी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से पुलिस की वर्दी और बैल्ट बरामद हुई। आरोपी खुद को सिविल लाइंस थाने में तैनात बताकर लोगों को गुमराह करता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया, जहां पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। रिमांड के दौरान यह जांच की जा रही है कि उसने अब तक कितने लोगों से ठगी की है और कुल कितनी रकम वसूली है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
