बालोद: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज एवं राष्ट्र की उन्नति का मुख्य आधार है. इसलिए हमें अपनी आने वाली पीढ़ी को उच्च शिक्षित और ज्ञानवान बनाने का संकल्प लेना चाहिए. मुख्यमंत्री रविवार को डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्राम संबलपुर में छत्तीसगढ़ प्रदेश कोसरिया मरार समाज की तरफ से आयोजित युवक-युवती परिचय सम्मेलन और शाकंभरी महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए.
मरार समाज की सीएम साय ने की तारीफ: कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कोसरिया मरार समाज को धरती माता की सेवा करने वाला मेहनतकश समाज बताते हुए समाज की सराहना की. इस अवसर पर उन्होंने समाज की मांग पर प्रदेश स्तरीय कार्यालय भवन के लिए जमीन उपलब्ध कराने और राज्य शाकंभरी बोर्ड के अध्यक्ष पद पर जल्द नियुक्ति का आश्वासन दिया.
सामूहिक विवाह की सराहना: सीएम साय ने शाकंभरी माता, भगवान श्रीराम, माता सीता, महात्मा ज्योतिबा फुले एवं सावित्री बाई फुले के चित्र पर माल्यार्पण किया.उन्होंने मरार समाज द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज के कमजोर वर्गों को सहायता देने के साथ फिजूलखर्ची रोकने का भी एक उत्कृष्ट माध्यम हैं.
साय ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा जीवन के हर क्षेत्र में सफलता दिलाने वाली सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण की अपील की और कहा कि सभी समाजों की प्रगति ही राज्य व राष्ट्र की प्रगति का आधार है.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
