दुर्ग : दुर्ग में बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दामों में लगातार बढ़ोतरी, एलपीजी सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफे के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चंडी मंदिर के पास जमकर प्रदर्शन किया. इस दौरान सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे. प्रदर्शन का नेतृत्व दुर्ग ग्रामीण जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर और दुर्ग शहर जिला अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने किया.
महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन
कार्यकर्ताओं ने हाथों में महंगे सिलेंडर के खिलाफ पोस्टर और तख्तियां लेकर नारेबाजी की और बीजेपी सरकार पर सीधा निशाना साधा. कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि हर महीने की पहली तारीख को गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए जा रहे हैं.
1 मार्च को कमर्शियल सिलेंडर में 114.50 रुपये, 1 अप्रैल को 195.50 रुपये और 1 मई को 993 रुपये की बढ़ोतरी की गई. तीन महीनों में कुल 1303 रुपए की बढ़ोतरी ने आम जनता की कमर तोड़ दी है. इसका असर सीधे लोगों की जेब पर पड़ रहा है, यहां तक होटलों में खाने-पीने की चीजों के दाम भी बढ़ गए हैं. पहले जो पनीर चिली 160 रुपये में मिलती थी, वह अब 250 रुपये तक पहुंच गई है- राकेश ठाकुर,जिलाध्यक्ष कांग्रेस
वहीं धीरज बाकलीवाल ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है और इसका सबसे ज्यादा असर आम आदमी पर पड़ रहा है. उन्होंने दावा किया कि पिछले कुछ महीनों में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत लगभग दोगुनी हो चुकी है.दिसंबर 2025 में 1600 रुपये का सिलेंडर अब करीब 3100 रुपए तक पहुंच गया है.कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले समय में आंदोलन और तेज किया जाएगा.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad