रांची: सीबीएसई 10वीं परीक्षा 2026 में झारखंड के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर अपनी शैक्षणिक क्षमता का लोहा मनवाया है. इस बार भी छात्राओं का दबदबा साफ तौर पर देखने को मिला है. राज्यभर के विभिन्न स्कूलों से मिल रहे शुरुआती अपडेट्स के अनुसार बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने 90 और 95 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए हैं, जिससे प्रदेश का कुल परिणाम काफी प्रभावशाली रहा है.
प्रारंभिक आंकड़ों के मुताबिक रांची, जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो जैसे प्रमुख शैक्षणिक केंद्रों में छात्रों का प्रदर्शन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा है. कई स्कूलों में 100 प्रतिशत रिजल्ट दर्ज किया गया है, वहीं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों में 100 अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है. शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह परिणाम लगातार बेहतर हो रही शैक्षणिक व्यवस्था और छात्रों की मेहनत का प्रतिफल है.
इसी क्रम में रांची के दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) का प्रदर्शन भी चर्चा में है. विद्यालय की छात्रा प्रण्या प्रिया ने 99.6 प्रतिशत अंक हासिल कर स्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त किया है. उन्हें राज्य के टॉपर्स की श्रेणी में भी देखा जा रहा है, हालांकि आधिकारिक रूप से टॉपर्स की सूची जारी नहीं होना है. डीपीएस रांची का कुल परिणाम 100 प्रतिशत रहा, जहां सभी 369 विद्यार्थी सफल घोषित हुए.
विद्यालय की प्राचार्या डॉ. जया चौहान ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, “हमारे विद्यार्थियों ने जिस समर्पण और अनुशासन के साथ तैयारी की, उसका परिणाम आज सामने है. यह सफलता सिर्फ छात्रों की नहीं, बल्कि शिक्षकों और अभिभावकों के सामूहिक प्रयास का नतीजा है. हमें अपने सभी विद्यार्थियों पर गर्व है.”
वहीं टॉपर छात्रा प्रण्या प्रिया ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों और माता-पिता को देते हुए कहा, “मैंने नियमित पढ़ाई और सही मार्गदर्शन पर ध्यान दिया. स्कूल और परिवार से मिले सहयोग ने मुझे यह मुकाम हासिल करने में मदद की. आगे भी मैं इसी तरह मेहनत करती रहूंगी.”
राज्यभर में जिस तरह से छात्राओं ने इस बार बेहतर प्रदर्शन किया है, वह शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव का संकेत है. अब जैसे-जैसे अन्य स्कूलों के परिणाम सामने आएंगे, स्टेट टॉपर्स की स्थिति और स्पष्ट होगी. हालांकि अब तक मिला आंकड़ों के अनुसार स्टेट टॉपर के रूप में प्रण्या प्रिया का नाम सबसे आगे है. फिलहाल, झारखंड के इस शानदार प्रदर्शन ने शिक्षा जगत में नई उम्मीद और उत्साह भर दिया है.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
