Amritsar School Holiday: अमृतसर के कई स्कूलों में तुरंत छुट्टी का ऐलान! अचानक क्यों बंद हुए स्कूल? जानें असली वजह

पंजाब

अमृतसर: पंजाब में आज कई स्कूलों में बम से उड़ाने की धमकियां मिली हैं। इस सूची में अब अमृतसर भी शामिल हो गया है जिसके चलते अमृतसर प्रशासन ने भी कई स्कूलों को हाई अलर्ट पर रखा है और जिले के कई मशहूर स्कूलों को अमृतसर के डिप्टी कमिश्नर ने बंद कर दिया है। गौरतलब हैकि, पंजाब में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियों के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हो गई हैं। जालंधर के 3 स्कूलों को धमकी मिलने के बाद अब चंडीगढ़ और अमृतसर में भी कई स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिले हैं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अमृतसर प्रशासन ने कई नामी स्कूलों को एहतियातन बंद करवा दिया है। अमृतसर के श्री राम आश्रम पब्लिक स्कूल के प्रबंधन ने बताया कि सुबह स्कूल को एक धमकी भरा ईमेल मिला था। इसके तुरंत बाद पुलिस को सूचित किया गया, जिस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे स्कूल परिसर की गहन जांच की।

मौके पर पहुंचे बच्चों के पेरेंट्स

स्कूल प्रबंधकों का कहना है कि, सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल बंद करने का फैसला लिया गया और पेरेंट्स को बच्चों को घर ले जाने के लिए सूचित किया गया। स्कूल प्रबंधन द्वारा बच्चों की छुट्टी कर उन्हें सुरक्षित घर भेजा जा रहा है और  पेरेंट्स को तुरंत स्कूल बुलाया गया। वहीं, स्कूल पहुंचे पेरेंट्स ने बताया कि उन्हें स्कूल से फोन कर बच्चों को तुरंत घर ले जाने के लिए कहा गया, जिसके बाद वे स्कूल पहुंचे और अपने बच्चों को सुरक्षित घर लेकर जा रहे हैं।

सुरक्षा के कड़े प्रबंध 

दूसरी ओर, अमृतसर में स्कूलों और सरकारी दफ्तरों को मिली धमकी भरी ईमेल्स के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर आलम विजय सिंह ने बताया कि पुलिस कमिश्नर को मिली ईमेल्स के मद्देनजर सभी प्रभावित स्कूलों में एंटी-सबोटाज चेकिंग करवाई गई है। उन्होंने यह भी कहा कि एक संदिग्ध व्यक्ति को दूसरे राज्य से प्रोडक्शन वारंट पर अमृतसर लाया जा रहा है, जिससे पूछताछ कर मामले की गहराई से जांच की जाएगी। पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तैयारियां की गई हैं।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry