धनबाद में बाइक सवार को ट्रैक्टर ने रौंदा, पिता की मौत, बाल बाल बची बेटी

झारखण्ड

धनबाद: एक ट्रैक्टर चालक ने मामूली विवाद में बाइक सवार को रौंद दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. मामला कतरास थाना क्षेत्र का है. यहां कांको मूसा पहाड़ी पुल पर राजगंज महुदा एनएच 32 के पास रॉन्ग साइड से अवैध बालू लेकर आ रहे ट्रैक्टर चालक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी. बाइक सवार ने जब इसका विरोध किया तो बाप-बेटी पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिसमें बाइक सवार महावीर महतो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मृतक की बेटी बाल बाल बच गई. घटना से बेटी सदमे में हैं.

विवाद के बाद ट्रैक्टर चालक ने बाइक सवार को रौंदा

प्रत्यक्षदर्शियों और मृतक की बेटी के अनुसार, महावीर महतो अपनी बेटी के साथ बाइक से जा रहे थे. इसी दौरान सड़क पर अवैध बालू से लदे ट्रैक्टर चालक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया. विवाद के बाद ट्रैक्टर चालक ने जानबूझकर बाइक सवार को रौंद दिया और मौके से फरार हो गया.

पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया

वहीं घटना की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया. गुस्साए लोगों ने राजगंज-महुदा एनएच 32 जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई. प्रदर्शनकारियों ने अवैध बालू कारोबार पर रोक लगाने की मांग की है. घटना की सूचना मिलते ही कतरास थाना, तेतुलमारी थाना, बाघमारा और बरोरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है.

पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

वहीं स्थानीय लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहे हैं. स्थानीय लोगों का मानना है कि अवैध बालू की ढुलाई लगातार होती है, जबकि पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती है.

ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है. ट्रैक्टर चालक भी पुलिस हिरासत में लिया गया है. सड़क जाम कर रहे लोगों को पुलिस समझाने की कोशिश में जुटी है. लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी: पुरुषोत्तम कुमार सिंह, एसडीपीओ, बाघमारा

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry