पलामू: जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के फुलडीहा गांव में बोरसी के धुएं से दम घुटने से दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक की हालत गंभीर है. तीनों एक ही परिवार के हैं. मृतकों में 70 वर्षीय सुनहरा उर्फ मुरैना देवी और 15 वर्षीय माया कुमारी है. दोनों रिश्ते में नानी-नातिन हैं. वहीं घटना में मृतका माया कुमारी की 40 वर्षीय मां किरण देवी गंभीर है. उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया है. किरण देवी के पति बीएसएफ में हैं.
कमरे में बोरसी जलाने से हुई घटना
घटना के संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुनहरा उर्फ मुरैना देवी अपनी बेटी किरण देवी के घर फुलडीहा आई थी. ठंड अधिक होने की वजह घर के एक कमरे में बोरसी जला कर रात्रि में सभी सो रहे थे. कमरा बंद होने की वजह कमरे में धुआं भर गया और मां-बेटी और नातिन सोए रह गए.
परिजनों और ग्रामीणों ने तीनों को कमरे से निकाला और तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद पहुंचाया. जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉ. पीएन सिंह ने सुनहरा उर्फ मुरैना देवी और माया कुमारी को मृत घोषित कर दिया. जबकि किरण देवी का प्राथमिक उपचार कर मेदिनीनगर रेफर कर दिया है.
पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर लिया बयान
इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद हुसैनाबाद पुलिस अनुमंडलीय अस्पताल पहुंची और डॉक्टरों और परिजनों से जानकारी ली. अस्पताल में ग्रामीणों की भीड़ जमा है. घटना को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने गहरा दुःख व्यक्त किया है. वहीं घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है.इस संबंध में हुसैनाबाद थाना प्रभारी सोनू कुमार चौधरी ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद में कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा. प्रथम दृष्टया मामला बोरसी के धुएं से दम घुटने का ही प्रतीत हो रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
