जबलपुर : मध्य प्रदेश के जबलपुर में बुधवार रात को बड़ा हादसा हो गया। यहां बरेला थाना क्षेत्र के ग्राम बम्हनी में मां काली के पंडाल में भीषण आग लग गई। घटना में पंडाल में स्थापित 51 फुट ऊंची प्रतिमा में आग लग गई। इस दौरान पंडाल में लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते मां की मूर्ति जलकर स्वाहा हो गई। घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई और आग पर काबू पाया गया।
जानकारी के मुताबिक, बरेला के ग्राम बम्हनी में हर साल की तरह मां काली की 51 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई थी। इस प्रतिमा को लेकर गांव समेत आस पास के इलाकों में भी भक्तों में गहरी आस्था रहती है। दूस दूर से लोग इस प्रतिमा के दर्शन करने पहुंचते हैं। इस बार भी भक्तों का जमावड़ा लगा हुआ था। इस बीच ये घटना हो गई। बताया जा रहा है कि पंडाल के पास मधुमक्खियों का छाता लगा हुआ था। मधुमक्खियों को भगाने के लिए किसी ने आग जलाई थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी से आग भड़की और माता की मूर्ति इसकी चपेट में आ गई। देर रात हुए हादसे की जांच में पुलिस जुट गई है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad