जालंधर: सोशल मीडिया पर अपने ‘कुल्हड़ पिज्जा’ कारोबार को लेकर चर्चा में आए सहज का एक नया फेसबुक लाइव वीडियो इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में सहज अस्पताल के बेड पर लेटे हुए अपनी खराब सेहत को लेकर काफी परेशान और असहाय नजर आ रहे हैं। उन्होंने दर्द से तड़पते हुए अपनी बीमारी और पिछले तीन सालों से झेल रही मानसिक व शारीरिक परेशानियों के बारे में खुलकर बात की है।
शरीर में जहर और ट्यूमर होने की जताई आशंका
लाइव प्रसारण के दौरान सहज ने बताया कि उनके शरीर में जहर फैलने जैसी बात सामने आ रही है और फिलहाल डॉक्टरों द्वारा इसकी गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने अपनी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर आशंका जताई कि उन्हें ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारी हो सकती है। हालांकि, उनकी मेडिकल रिपोर्ट्स और आधिकारिक स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अभी तक अस्पताल की तरफ से कोई पुख्ता पुष्टि सामने नहीं आई है।
‘पिछले तीन साल से नर्क जैसी कट रही है जिंदगी’
बेहद भावुक होते हुए सहज ने कहा कि उन्होंने कभी अपनी जिंदगी में यह नहीं सोचा था कि उन्हें ऐसी लोकप्रियता या पहचान मिलेगी, जिसके बाद उन्हें लगातार लोगों की ताने और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि पिछले तीन साल से उनका जीवन किसी नर्क से कम नहीं रहा है।
‘मेरे जाने के बाद परिवार को परेशान न करें’
वीडियो के अंत में सहज ने बेहद भावुक अपील करते हुए कहा कि यदि वे इस दुनिया में नहीं रहते हैं, तो उनकी पत्नी और मासूम बच्चों को सोशल मीडिया पर ट्रोल न किया जाए और न ही उन्हें किसी भी प्रकार से परेशान किया जाए। वह लंबे समय से लोगों की नकारात्मक टिप्पणियों और मानसिक दबाव से तंग आ चुके हैं। फिलहाल उनके इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया है और लोग उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad