रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देशानुसार चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है. यह समिति हजारीबाग में पिछले दिनों हुई अल्पसंख्यक परिवार के तीन सदस्यों की निर्मम हत्या की जांच करेगी. इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य मंत्री के पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान हजारीबाग के एक पत्रकार की पिटाई के बाद घायल होने की गंभीर घटना हुई थी, उसकी भी जांच यह समिति करेगी.
जांच कमेटी गठित करने के संबंध में जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस मीडिया चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी ने बताया कि जांच कमेटी का उद्देश्य घटनास्थल पर जाकर पीड़ित परिवार एवं संबंधित पक्षों से मुलाकात कर वास्तविक स्थिति की जानकारी एकत्रित करना है, ताकि सत्य तथ्यों के आधार पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को विस्तृत प्रतिवेदन सौंपा जा सके.
गहन जांच के बाद रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को सौंपी जाएगी
हजारीबाग की घटना की निष्पक्ष जांच के लिए गठित जांच कमेटी के सदस्यों में कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, रामगढ़ की विधायक ममता देवी, झारखंड कांग्रेस के महासचिव आलोक कुमार दुबे, प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग चेयरमैन मंजूर अंसारी का नाम शामिल है.
सतीश पॉल मुंजनी ने बताया कि जांच कमेटी शीघ्र ही हजारीबाग पहुंचकर पीड़ित परिवार एवं घायल पत्रकार से मुलाकात करेगी तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को सौंपेगी.
दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेते हुए न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करती है.
मंत्री की उपस्थिति में पत्रकार की मॉब लिंचिंग की थी योजनाः भाजपा
वहीं, हजारीबाग में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी की उपस्थिति में पत्रकारों पर हुए जानलेवा हमले को ‘मॉब लिंचिंग’ की कोशिश करार देते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने कहा कि पूरी घटना में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री की सीधी भागीदारी है. बावजूद इसके कांग्रेस कार्रवाई की जगह जांच कमेटी बनाकर झारखंड की जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम कर रही है.
भाजपा प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने कहा कि कुछ वर्ष पहले ‘कोलकाता कैश’ मामले में भी कांग्रेस ने जांच कमेटी बनाई थी, उस जांच कमेटी की रिपोर्ट क्या आई. आज तक उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं हुई. भाजपा, हजारीबाग में पत्रकारों पर हुए हमले के दोषियों के खिलाफ सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग करती है.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad