Alwar News: दिल्ली में एक आईआरएस (IRS) अधिकारी की बेटी की नृशंस हत्या और बलात्कार के मामले ने पूरे देश को झकझोर दिया है. लेकिन इस जांच में जो सबसे चौंकाने वाला खुलासा हुआ है, वह राजस्थान के अलवर (Alwar) से जुड़ा है. दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी राहुल मीणा ने दिल्ली में जघन्य अपराध करने से ठीक एक रात पहले अलवर में अपने ही दोस्त की पत्नी के साथ बलात्कार की वारदात को अंजाम दिया था. पीड़िता ने उस रात की पूरी कहानी पुलिस को बताई.
अलवर निवासी पीड़िता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी राहुल मीणा और उसका पति गहरे दोस्त हैं. मंगलवार शाम को दोनों एक शादी समारोह में गए थे. पीड़िता का पति किसी कारणवश शादी में ही रुक गया, लेकिन राहुल मीणा ने इस स्थिति का फायदा उठाया और पीड़िता के घर पहुंच गया। वहां उसने महिला के साथ जबरन बलात्कार किया.
बुधवार को जब दिल्ली की घटना का समाचार फैला, तब पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर अलवर के राजगढ़ थाने में राहुल मीणा के खिलाफ मामला दर्ज कराया. अलवर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच राजगढ़ पुलिस उपाधीक्षक को सौंप दी है.
ऑनलाइन गेमिंग और रंजिश का खूनी खेल
जांच में सामने आया है कि आरोपी राहुल मीणा ऑनलाइन गेम खेलने और सट्टेबाजी का बेहद आदी है. वो कर्ज में डूबा हुआ था और पैसों के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार था. पीड़िता का पति भी उसके साथ ऑनलाइन गेम खेलता था. राहुल पहले दिल्ली में जिस अधिकारी के घर काम करता था, वहां से उसे डेढ़ महीने पहले पैसों की हेराफेरी के कारण निकाला गया था.
वारदात का सिलसिला
मंगलवार रात अलवर में अपने दोस्त की पत्नी के साथ दुष्कर्म करने के बाद आरोपी दिल्ली भागा. बुधवार सुबह जब अधिकारी और उनकी पत्नी जिम गए हुए थे, तब राहुल घर की गुप्त चाबी का इस्तेमाल कर अंदर दाखिल हुआ. वहां उसने अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी के साथ बलात्कार किया और उसकी हत्या कर डाली. दिल्ली पुलिस ने 15 टीमों के गठन के बाद आरोपी को द्वारका के एक होटल से दबोच लिया. अब उस पर दिल्ली और राजस्थान, दोनों राज्यों में संगीन धाराओं के तहत मुकदमे चलेंगे.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
