साइकिल को लेकर छिड़ा विवाद, व्यक्ति की बेरहमी से हत्या

पंजाब

मोगा : रेलवे रोड मोगा पर दुकान करते प्रमोद कुमार (55) निवासी बेअंत नगर मोगा को साइकिल हटाने के मामले को लेकर पड़ोसी द्वारा बुरी तरह से मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। इस संबंध में पुलिस द्वारा मृतक के भाई रविन्द्र कुमार निवासी सरदार नगर मोगा की शिकायत पर थाना सिटी साऊथ की पुलिस द्वारा कथित आरोपी सुरेश कुमार निवासी मथुरापुरी मोगा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

इस मामले की जांच सहायक थानेदार हरप्रीत सिंह द्वारा की जा रही है। इस संबंध में जानकारी देते हुए जोगिन्द्रपाल ने बताया कि उसके छोटे भाई प्रमोद कुमार की रेलवे रोड पर बब्बर स्वीट्स के नाम पर दुकान है। उसके साथ ही कथित आरोपी सुरेश कुमार करियाने की दुकान करता है, जहां उसके भाई का गोदाम है। गत 14 नवम्बर को उसका भाई सायं 4 बजे के करीब गोदाम में से कुछ सामान लोड करवाने के लिए गया था और वहां कथित आरोपी का साइकिल खड़ा हुआ था। जैसे ही उसके भाई ने साइकिल को हटाया, तो सुरेश कुमार वहां आ धमका और गुस्से में गाली गलौच करने के बाद धक्कामुक्की की और मारपीट करने लगा।

उसके भाई ने उसे कहा कि उसके स्टंट पड़ा हुआ है, उसे मत मारो, लेकिन उसने कोई बात नहीं सुनी। वह भी अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचा और छुड़वाने लगा, लेकिन वो मारता ही रहा, जिस पर उसका भाई बेहोश होकर गिर गया और वह उसे नजदीक ही एक प्राइवेट अस्पताल में ले गए। वहां डाक्टरों ने चैक करने के बाद बताया कि उसकी मौत हो चुकी है। इसके बाद वह अपने भाई को सिविल अस्पताल भी लेकर गए, लेकिन वहां भी डाक्टरों ने चैक कर कहा कि इसकी मौत हो गई है। उसने कहा कि वह तथा उसके साथ दुकानदारों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।

उसने कहा कि उसके भाई की मौत कथित आरोपी सुरेश कुमार द्वारा बुरी तरह से की गई मारपीट के कारण हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जब इस संबंध में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर इकबाल हुसैन से बात की, तो उसने कहा कि कथित आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उसे काबू करने के लिए छापामारी की जा रही है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *