बलरामपुर: रामानुजगंज जिले में बिना किसी डिग्री के अवैध क्लीनिक और मेडिकल स्टोर चलाने वालों पर शिकंजा कसा गया है. छोलाछाप डॉक्टरों की शिकायतें मिलने के बाद कलेक्टर के निर्देश पर स्वास्थ्य और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम के द्वारा कार्रवाई की गई. कार्रवाई के दौरान पता चला कि कई जगहों पर अवैध और फर्जी क्लीनिकों का संचालन किया जा रहा है. नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है. अभी तक 2 क्लीनिकों को सील किया गया है.
झोलाछाप डॉक्टरों के क्लीनिक पर कार्रवाई: रामानुजगंज शहर के साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध तरीके से फर्जी क्लीनिकों का संचालन कर यहां के गरीब भोले-भाले लोगों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा है. लगातार शिकायतें मिलने के बाद आज रामानुजगंज एसडीएम आनंद नेताम, बीएमओ डॉ महेश गुप्ता, नायब तहसीलदार दिनेश नरेटी और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम के द्वारा सुबह से ही शहर में संचालित क्लीनिकों पर दबिश दी गई. कार्रवाई के दौरान मिले दस्तावेज, लाइसेंस, रजिस्टर, मेडिकल वेस्ट के प्रबंधन सहित अन्य चीजों की जांच की गई. पता चला कि बिना नर्सिंग एक्ट रजिस्ट्रेशन के ही बेड लगाकर मरीजों को भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा था. मौके पर ही पंचनामा तैयार कर जीवन ज्योति पैथोलॉजी और नेयाजुदीन क्लीनिक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दोनों को सील कर दिया है.एसडीएम,
बीएमओ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई: इस संबंध में रामानुजगंज एसडीएम आनंद नेताम ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि हमने आज ही यहां जांच प्रारंभ किया है. 2 क्लीनिक के उपर सीलबंद की कार्रवाई की गई. कार्रवाई करने वाले अधिकारियों ने बताया कि ये कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
जहां पर भी झोलाछाप डॉक्टरों के बैठने और क्लीनिक चलाने वालों की जानकारी मिलेगी वहां पर कार्रवाई की जाएगी. जो लोग पकड़े जाएंगे उनपर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. हमारी कोशिश है कि लोगों को सही इलाज मिले और लोग इलाज के नाम पर ठगे नहीं जाएं. इस तरह के डॉक्टरों से इलाज कराना जान जोखिम में डालने के बराबर है: आनंद नेताम, SDM
बिना नर्सिंग एक्ट रजिस्ट्रेशन के ही इलाज: इस संबंध में रामानुजगंज के विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ महेश गुप्ता ने जानकारी देते हुए कहा, हमारे ब्लॉक में अवैध रूप से क्लीनिक चल रहा है नर्सिंग एक्ट के तहत जिनका रजिस्ट्रेशन नहीं है. हम लोग जाकर देख रहे हैं कि यदि रजिस्ट्रेशन है तो उसका पालन हो रहा है कि नहीं है. दोषियों के खिलाफ सीलबंदी की कार्रवाई की जा रही है. अभी रामानुजगंज में दो जगह पर हुई है बहुत जगह मेडिकल स्टोर के नाम पर भी पीछे में क्लिनिक का संचालन हो रहा है जो गलत है. मरीजों को ज्ञान न होने के कारण असुविधा का सामना करना पड़ रहा है.
”लगातार जारी रहेगी कार्रवाई”: रामानुजगंज एसडीएम और बीएमओ ने कहा कि हमारी टीम अलग अलग जगहों पर दबिश देकर जांच करेगी और यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. जहां नियमों का उल्लंघन कर अवैध क्लीनिक और मेडिकल स्टोर का संचालन किया जा रहा है वहां छापेमारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगा.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad